खेलों से बढ़ता है अनुशासन और नेतृत्व क्षमता, विद्यार्थी खेलों को बनाएं जीवन का हिस्सा: अमित भरमौरी
GSSS गरोला में भरमौर ज़ोन की अंडर-14 गर्ल्स खंड स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ, मुख्य अतिथि ने बच्चों संग किया डांस।
हिमाचल 84 टीवी ब्यूरो गरोला
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय गरोला में शनिवार को भरमौर ज़ोन की अंडर-14 गर्ल्स खंड स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता के शुभारंभ अवसर पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव अमित भरमौरी बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि अमित भरमौरी ने प्रतियोगिता में भाग लेने वाली सभी छात्र खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। खेलों से जहां शरीर स्वस्थ और मजबूत बनता है, वहीं अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और कठिन परिस्थितियों में संघर्ष करने की शक्ति भी विकसित होती है।
उन्होंने कहा कि आज के दौर में पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद भी बच्चों के जीवन का अभिन्न हिस्सा होना चाहिए। खेल बच्चों को मानसिक रूप से मजबूत बनाने के साथ-साथ नशे और अन्य सामाजिक बुराइयों से दूर रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
हार-जीत से अधिक खेल भावना महत्वपूर्ण
मुख्य अतिथि अमित भरमौरी ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रतियोगिता में हार और जीत जीवन का हिस्सा है, लेकिन खिलाड़ियों को हमेशा खेल भावना के साथ मैदान में उतरना चाहिए। उन्होंने बच्चों से अपील की कि वे पूरी मेहनत, लगन और अनुशासन के साथ खेलें तथा अपने विद्यालय, क्षेत्र और प्रदेश का नाम रोशन करें।
उन्होंने कहा कि खेल हमें एक-दूसरे के प्रति सम्मान करना, टीम के साथ मिलकर काम करना और चुनौतियों का सामना करना सिखाते हैं। खेलों से बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ता है और वे जीवन के हर क्षेत्र में सफलता हासिल करने के लिए तैयार होते हैं।
बच्चों के साथ डांस कर बढ़ाया उत्साह
प्रतियोगिता के शुभारंभ अवसर पर छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। इस दौरान मुख्य अतिथि अमित भरमौरी ने बच्चों के उत्साह को बढ़ाते हुए उनके साथ डांस भी किया। मुख्य अतिथि को बच्चों के साथ झूमते देख कार्यक्रम स्थल पर मौजूद लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट से उनका उत्साहवर्धन किया।
प्रतियोगिता में भरमौर ज़ोन के करीब दो दर्जन विद्यालयों की छात्र खिलाड़ी विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में भाग ले रही हैं। आने वाले दिनों में खिलाड़ी अपनी प्रतिभा और खेल कौशल का प्रदर्शन करेंगी।
स्कूल प्रबंधन के सम्मान से अभिभूत हुए अमित भरमौरी
इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन द्वारा मुख्य अतिथि अमित भरमौरी को सम्मानित किया गया। सम्मान मिलने पर उन्होंने विद्यालय प्रबंधन और आयोजन समिति का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन ग्रामीण और दूरदराज क्षेत्रों की प्रतिभाओं को आगे बढ़ने के लिए एक बेहतरीन मंच प्रदान करते हैं।
उन्होंने कहा कि बेटियां आज खेलों सहित हर क्षेत्र में देश और प्रदेश का नाम रोशन कर रही हैं। ऐसे में छात्राओं को बेहतर सुविधाएं और अवसर उपलब्ध करवाना हम सभी की जिम्मेदारी है।
इस अवसर पर जिला परिषद सदस्य खणी वार्ड सुभाष चंद भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकगण, विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक, खेल अधिकारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।