धूमधाम से संपन्न हुआ ठेडू वाली माता जातर मेला, अंतिम सांस्कृतिक संध्या में अमित भरमौरी ने बतौर मुख्य अतिथि की शिरकत, पवन ठाकुर व सुनील मस्ती ने बांधा समां
पूर्व जिला परिषद सदस्य और भाजपा युवा नेता अनिल ढकोग भी विशेष रूप से रहे मौजूद।
हिमाचल 84 टीवी ब्यूरो भरमौर।
ग्राम पंचायत दुर्गेठी में आयोजित ठेडू वाली माता जातर मेले का रविवार को धूमधाम एवं हर्षोल्लास के साथ समापन हो गया। मेले की अंतिम सांस्कृतिक संध्या में हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव अमित भरमौरी ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। वहीं, खणी वार्ड के पूर्व जिला परिषद सदस्य एवं भाजपा युवा नेता अनिल ढकोग भी विशेष रूप से मौजूद रहे।
अंतिम सांस्कृतिक संध्या में पहुंचने पर स्थानीय लोगों ने अमित भरमौरी का गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने मां ठेडू माता के दरबार में शीश नवाकर क्षेत्रवासियों की सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना की।
सांस्कृतिक संध्या में लोकप्रिय लोकगायक एवं क्षेत्र के प्रिय कलाकार पवन ठाकुर तथा सुनील मस्ती ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। लोकगीतों और पहाड़ी प्रस्तुतियों पर देर रात तक दर्शक झूमते नजर आए और पूरा मेला परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंजता रहा।
इस अवसर पर अमित भरमौरी ने समस्त पंचायतवासियों को ठेडू माता के पावन जातर मेले की बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मां ठेडू माता का आशीर्वाद सभी क्षेत्रवासियों पर सदैव बना रहे तथा हर परिवार में सुख, शांति और समृद्धि आए। उन्होंने मेले के सफल एवं भव्य आयोजन के लिए मेला समिति के सभी सदस्यों को बधाई देते हुए उनके प्रयासों की सराहना की।
वहीं, अनिल ढकोग ने भी ठेडू वाली माता जातर मेले के सफल आयोजन के लिए मेला समिति एवं समस्त पंचायतवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि इस तरह के धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन क्षेत्र की समृद्ध परंपराओं और आपसी भाईचारे को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
अंतिम सांस्कृतिक संध्या के दौरान मेला समिति के पदाधिकारी, सदस्य, पंचायत प्रतिनिधि, स्थानीय गणमान्य लोग तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। श्रद्धा, संस्कृति और मनोरंजन से भरपूर इस जातर मेले का समापन उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ।