संविधान दिवस: कन्या महाविद्यालय में भाषण, पोस्टर, स्लोगन एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताओं का आयोजन हुआ
--------------------------------------
विदिशा। राजमाता विजयाराजे सिंधिया शासकीय कन्या (अग्रणी) स्नातकोत्तर महाविद्यालय, विदिशा में 26 नवम्बर को संविधान दिवस के अवसर पर भारतीय ज्ञान परंपरा, राजनीति विज्ञान विभाग एवं राष्ट्रीय सेवा योजना की रेड क्रॉस इकाई के संयुक्त तत्वावधान में विविध शैक्षणिक एवं रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के पूजन एवं भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर के छायाचित्र पर माल्यार्पण के साथ हुआ। इसके पश्चात महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. बी. डी. अहिरवार ने उपस्थित प्राध्यापकों, कर्मचारियों एवं छात्राओं को भारतीय संविधान की उद्देशिका (प्रस्तावना) का सामूहिक वाचन कराया। इस अवसर पर उपस्थित सभी लोगों ने संविधान के मूल आदर्शों एवं लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति निष्ठा रखने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के अंतर्गत छात्राओं के लिए भाषण, पोस्टर एवं स्लोगन प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से छात्राओं ने संविधान के मूल्यों, लोकतांत्रिक आदर्शों एवं नागरिक कर्तव्यों के प्रति अपनी समझ और रचनात्मक अभिव्यक्ति प्रस्तुत की। इसके अतिरिक्त अजीम प्रेमजी फाउंडेशन से पधारी सुश्री अंकिता कहार एवं मोहम्मद कमर आलम ने पीपीटी (PowerPoint Presentation) के माध्यम से रोचक एवं ज्ञानवर्धक प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की, जिसमें छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
अपने प्रेरणादायी एवं सारगर्भित उद्बोधन में प्राचार्य डॉ. बी. डी. अहिरवार ने भारतीय संविधान की महत्ता, लोकतांत्रिक व्यवस्था तथा संवैधानिक मूल्यों के संरक्षण पर प्रकाश डाला। उन्होंने छात्राओं को संविधान में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता एवं बंधुत्व के आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करने तथा जागरूक एवं जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. मलखान सिंह, डॉ. संध्या जैन, डॉ. नीता दीक्षित, डॉ. सीमा चक्रवर्ती एवं डॉ. विनीता प्रजापति की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में डॉ. शांता अहिरवार, डॉ. रमा सिंह, श्री स्वराज पाल , श्री मती सलोनी सेन एवं महाविद्यालय के अन्य प्राध्यापकों का सराहनीय सहयोग रहा। कार्यक्रम का मंच संचालन डॉ. साधना कुमारी ने किया। अंत में डॉ. राजुला अल्बर्ट ने सभी अतिथियों, वरिष्ठ प्राध्यापकों, सहयोगियों एवं उपस्थितजनों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापकगण, कर्मचारी एवं छात्राएँ उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का समापन संविधान के प्रति सम्मान एवं उसके मूल आदर्शों के पालन के संकल्प के साथ हुआ। #Vidisha
7 views | Vidisha, Madhya Pradesh | Nov 26, 2026