पेखुवाला प्रोजेक्ट में भ्रष्टाचार के आरोप, ईडी जांच की मांग को लेकर पूर्व मंत्री बिक्रम सिंह ठाकुर ने सरकार पर साधा निशाना
देहरा |। News123 ।।
पूर्व मंत्री एवं जसवां परागपुर के विधायक बिक्रम सिंह ठाकुर ने पेखुवाला बिजली प्रोजेक्ट को लेकर प्रदेश सरकार पर गंभीर सवाल उठाए हैं। प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने आरोप लगाया कि प्रोजेक्ट की डीपीआर, डिजाइन और निर्माण कार्यों में कई अनियमितताएं सामने आई हैं, लेकिन लंबे समय बाद भी मामले की निष्पक्ष जांच नहीं हो पाई है।
बिक्रम सिंह ठाकुर ने कहा कि पेखुवाला प्रोजेक्ट को लेकर विधानसभा में भी मुद्दा उठाया गया था। उन्होंने आरोप लगाया कि बरसात के दौरान प्लांट का डूब जाना और क्षमता के अनुसार उत्पादन न कर पाना इस बात की ओर इशारा करता है कि परियोजना में तकनीकी खामियां रही हैं।
उन्होंने मांग की कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) को सौंपी जानी चाहिए ताकि कथित भ्रष्टाचार, पैसों के लेनदेन और जिम्मेदार अधिकारियों व नेताओं की भूमिका की जांच हो सके।
विधायक ने कहा कि मामले में गठित एसआईटी को लेकर भी सवाल खड़े हुए हैं। उन्होंने दावा किया कि जांच टीम के अधिकारियों ने भी कुछ बिंदुओं पर चिंता जताई थी, बावजूद इसके जांच प्रक्रिया को लेकर कई सवाल बने हुए हैं।
उन्होंने कहा कि अगर जांच में पहले ही कुछ तथ्यों का पता चल चुका था तो सीबीआई जांच को लेकर देरी क्यों हुई, सरकार को इसका जवाब देना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार दोषियों को बचाने का प्रयास कर रही है।
बिक्रम सिंह ठाकुर ने कहा कि पेखुवाला प्रोजेक्ट पर भारी खर्च हुआ, लेकिन जिस उद्देश्य से इसे बनाया गया था, वह पूरा नहीं हो पाया। उन्होंने कहा कि आज भी वहां करोड़ों रुपये के सुधार कार्य और रिटेनिंग वॉल जैसे काम करवाने पड़ रहे हैं। उन्होंने सरकार से मांग की कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच हो और दोषी पाए जाने वालों पर कार्रवाई की जाए।