*देहरा में संयुक्त सी. डब्ल्यू. सी. बैठक एवं प्रथम अधिवेशन का सफल आयोजन*
*टारगेट आधारित उत्पीड़न के खिलाफ हड़ताल को दिया समर्थन*
(परागपुर: वालिया)
भारतीय मजदूर संघ (BMS) के तत्वावधान में भारतीय डाक कर्मचारी संघ ग्रुप 'सी', भारतीय डाक कर्मचारी संघ पोस्टमैन एवं एम.टी.एस. तथा भारतीय ग्रामीण डाक कर्मचारी संघ, देहरा मंडल द्वारा आयोजित संयुक्त बैठक एवं प्रथम अधिवेशन का आज होटल पोंग व्यू, देहरा में सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। कार्यक्रम में हिमाचल प्रदेश के विभिन्न डाक मंडलों से आए लगभग 200 कर्मचारियों एवं पदाधिकारियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम के मुख्य मार्गदर्शक के रूप में मदन सिंह राणा, प्रदेश अध्यक्ष, भारतीय मजदूर संघ, हिमाचल प्रदेश उपस्थित रहे। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि भारतीय मजदूर संघ डाक विभाग के कर्मचारियों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा है तथा कर्मचारियों के हितों, सम्मान और अधिकारों की रक्षा के लिए हर संघर्ष में उनके साथ रहेगा।
कार्यक्रम में विशिष्ट मार्गदर्शक के रूप में श्री रामलोक धनोटिया, प्रदेश अध्यक्ष, ओ. बी.सी. मोर्चा, भारतीय जनता पार्टी, हिमाचल प्रदेश, डॉ सुकृत सागर, उपाध्यक्ष, भाजपा, जिला देहरा तथा श्री मनोज कुमार, ऑडिटर, भारतीय डाक कर्मचारी संघ (सी एच क्यू), नई दिल्ली ने कर्मचारियों को संबोधित किया और संगठन की मजबूती एवं कर्मचारियों की एकजुटता पर बल दिया।
कार्यक्रम में विशिष्ट उपस्थिति के रूप में श्री नवनीत शर्मा, प्रदेश अध्यक्ष, भारतीय डाक कर्मचारी संघ ग्रुप 'सी', हिमाचल प्रदेश, श्री लक्ष्मी दत्त शर्मा, उपाध्यक्ष, भारतीय ग्रामीण डाक कर्मचारी संघ (CHQ), नई दिल्ली, श्री प्रवीन कुमार सलूरिया, सर्कल सचिव, भारतीय डाक कर्मचारी संघ ग्रुप 'सी', हिमाचल प्रदेश, श्री सुरेश शर्मा, पूर्व अध्यक्ष, भारतीय डाक कर्मचारी संघ ग्रुप 'सी', हिमाचल प्रदेश, श्री दीपक कुमार, सर्कल सचिव, भारतीय डाक कर्मचारी संघ पोस्टमैन एवं एम.टी.एस.,सोमदत्त शर्मा, सर्कल सचिव, भारतीय ग्रामीण डाक कर्मचारी संघ, हिमाचल प्रदेश, तथा अंकुश वर्मा, प्रदेश अध्यक्ष, बी आर एम एस, हिमाचल प्रदेश, विशेष रूप से उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान डाक कर्मचारियों एवं ग्रामीण डाक सेवकों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की गई। वक्ताओं ने विभाग द्वारा लगातार बढ़ाए जा रहे अव्यावहारिक लक्ष्यो तथा उनके नाम पर कर्मचारियों के किए जा रहे मानसिक एवं प्रशासनिक उत्पीड़न पर गहरी चिंता व्यक्त की। सभी प्रतिनिधियों ने एक स्वर में कहा कि कर्मचारियों पर अनावश्यक लक्ष्य थोपने तथा दबाव की संस्कृति को किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।
अधिवेशन में उपस्थित प्रतिनिधियों ने 20 जुलाई 2026 से प्रस्तावित देशव्यापी हड़ताल को पूर्ण समर्थन देते हुए कर्मचारियों से इसे सफल बनाने का आह्वान किया।
वक्ताओं ने कहा कि यह आंदोलन केवल कर्मचारियों के अधिकारों की रक्षा के लिए ही नहीं, बल्कि डाक सेवाओं की गुणवत्ता एवं विभाग के स्वस्थ भविष्य के लिए भी आवश्यक है।
इस अवसर पर देहरा मंडल की भारतीय ग्रामीण डाक कर्मचारी संघ इकाई तथा भारतीय डाक कर्मचारी संघ पोस्टमैन एवं एम.टी.एस. इकाईयों का भी गठन किया गया और संगठनात्मक विषयों पर भी चर्चा की गई तथा संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के लिए विभिन्न प्रस्ताव पारित किए गए।
कार्यक्रम का समापन संगठन की एकता, कर्मचारी हितों की रक्षा तथा आगामी संघर्षों को मजबूती से आगे बढ़ाने के संकल्प के साथ हुआ।
प्रवीन कुमार सलूरिया ने सभी कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि देश भर में डाक विभाग में टारगेट के नाम पर जिस तरह से कर्मियों का उत्पीड़न किया जा रहा है और कर्मचारी लगातार दबाव के कारण कर्मचारी आत्महत्या कर रहे हैं जो कि निदनीय है।