दीपावली के पावन अवसर पर जिला प्रशासन और आम जनता के बीच अपनत्व, भाईचारा एवं सामाजिक समरसता की भावना को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से आज जिला पदाधिकारी, बांका श्री अंशुल अग्रवाल द्वारा अमरपुर प्रखंड अंतर्गत सलेमपुर पंचायत के खेमीचक महादलित टोले में स्थानीय महादलित परिवारों के साथ दीपावली का उत्सव हर्षोल्लास एवं धूमधाम से मनाया गया।
इस अवसर पर जिला प्रशासन के अन्य वरीय पदाधिकारी एवं कर्मी भी उपस्थित रहे।
जिला पदाधिकारी ने टोले के बच्चों एवं स्थानीय परिवारों के साथ दीपावली की खुशियां साझा कीं। उन्होंने उपस्थित नन्हे-मुन्ने बच्चों के बीच मिठाइयां एवं पटाखे वितरित किए, जिससे बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे। जिला पदाधिकारी ने सभी ग्रामीणों को प्रकाश पर्व दीपावली की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनके सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की। इस अवसर पर जिला पदाधिकारी द्वारा डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा/तैलचित्र पर श्रद्धापूर्वक माल्यार्पण कर उन्हें नमन भी किया।
उत्सव के दौरान जिला पदाधिकारी ने स्थानीय ग्रामीणों से सीधा संवाद स्थापित किया तथा टोले की मूलभूत सुविधाओं एवं जनसमस्याओं की जानकारी ली। ग्रामीणों द्वारा सड़क, पेयजल, शिक्षा एवं विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से संबंधित समस्याओं एवं आवश्यकताओं को उनके समक्ष रखा गया। जिला पदाधिकारी ने ग्रामीणों की बातों को गंभीरतापूर्वक सुना तथा संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए आश्वस्त किया कि उनकी वाजिब समस्याओं का शीघ्र एवं उचित समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।
जिला पदाधिकारी ने अपने संबोधन में कहा कि “हर घर रोशन, हर दिल खुशहाल” की भावना के साथ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक विकास और खुशहाली पहुंचाना ही जिला प्रशासन का मुख्य ध्येय है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन का प्रयास है कि समाज के सभी वर्गों के लोग आपसी प्रेम, भाईचारे एवं सद्भाव के साथ त्योहारों की खुशियां साझा करें।
जिला पदाधिकारी ने दीपावली एवं छठ पर्व के दौरान बच्चों की सुरक्षा एवं देखभाल पर विशेष ध्यान देने की अपील की। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान अभिभावक बच्चों के प्रति विशेष सतर्कता बरतें तथा पटाखों के प्रयोग के समय उन्हें अकेला न छोड़ें। बच्चों को पटाखों एवं अन्य ज्वलनशील पदार्थों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने के लिए जागरूक करें।
उन्होंने छठ पर्व के दौरान घाटों एवं जलाशयों पर बच्चों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने तथा उन्हें पानी के नजदीक अकेले नहीं जाने देने की अपील की। जिला पदाधिकारी ने सभी जिलेवासियों से आग्रह किया कि वे दीपावली एवं छठ पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में मनाएं तथा सुरक्षा संबंधी आवश्यक सावधानियों का पालन करें, ताकि त्योहारों की खुशियों के बीच किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना न हो।
इस अवसर पर जिला प्रशासन के पदाधिकारियों एवं कर्मियों की उपस्थिति ने ग्रामीणों के साथ आत्मीयता एवं विश्वास के संबंध को और मजबूत किया। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज के सभी वर्गों के बीच समानता, सामाजिक समरसता एवं प्रशासन और आम जनता के बीच बेहतर संवाद स्थापित करना रहा।
*"मद्यपान से दूरी, स्वस्थ जीवन के लिए जरूरी।"*
Banka District Administration
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
Banka, Bihar | Nov 7, 2026