खेत पर जा रही महिला से मारपीट व जान से मारने की धमकी का आरोप, क्षेत्राधिकारी हरियावां से कार्रवाई की मांग
.
#हरदोई: कोतवाली क्षेत्र बेनीगंज के हंसेपुर गांव निवासी एक महिला ने गांव के ही कुछ लोगों पर रास्ते में रोककर गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने क्षेत्राधिकारी हरियावां को प्रार्थना पत्र देकर आरोपितों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
प्रार्थना पत्र के अनुसार हूँसेपुर निवासी सावित्री पत्नी शत्रोहन उर्फ सत्तू रैदास का आरोप है कि 21 अगस्त 2026 को सुबह करीब 9:30 बजे वह अपने घर से खेत की ओर जा रही थी। रास्ते में गंगासागर श्मशान घाट के पास गांव के ही अनुपम अवस्थी उर्फ बड़े भैया पुत्र रामपाल अवस्थी तथा रौनक व अचल पुत्रगण अनुपम अवस्थी कथित रूप से आपसी विवाद कर रहे थे। महिला का आरोप है कि विवाद के दौरान उक्त लोगों ने उसे जबरन रोक लिया और जातिसूचक गालियां देते हुए उसके साथ गाली-गलौज की।
पीड़िता के मुताबिक, उसके मना करने पर आरोपितों ने मिलकर उसके साथ लात-घूंसों से मारपीट की, जिससे वह नाली में गिर गई। उसके शोर मचाने पर गांव के कुछ लोग मौके पर पहुंचे और उसे बचाया। आरोप है कि इसके बाद भी विपक्षी उसे जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से चले गए।
महिला का कहना है कि घटना के संबंध में वह संबंधित थाने गई, लेकिन वहां कोई सुनवाई नहीं हुई। इसके बाद उसने 29 अगस्त 2026 को भी प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की, लेकिन आरोप है कि अभी तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है।
पीड़िता ने क्षेत्राधिकारी हरियावां से मामले की जांच कर आरोपितों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने तथा अपने और अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित कराने की गुहार लगाई है। प्रार्थना पत्र में आरोपितों को प्रभावशाली एवं राजनीतिक संरक्षण प्राप्त होने का भी दावा किया गया है।
हालांकि, प्रार्थना पत्र में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है। हालांकि पुलिस जांच में आपसी रंजिश एवं पार्टी बंदी के संबंध में हल्का दरोगा ने जांच आख्या उच्च अधिकारियों को भेजी है।
#रिपोर्ट: पुनीत मिश्रा/बेनीगंज
Hardoi, Hardoi | Aug 31, 2026