#बागेश्वर धाम पर महासंग्राम टला: तालाबंदी करने निकली यादव महासभा, #लाठी-डंडे लेकर उतरे समर्थक; #पुलिस की सख्ती से थमा बवाल..कई प्रदर्शनकारी हिरासत में...
#छतरपुर में पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की भगवान श्रीकृष्ण पर की गई विवादित टिप्पणी के बाद शुक्रवार को जबरदस्त हंगामा देखने को मिला। बयान से आक्रोशित यादव महासभा के करीब 200 कार्यकर्ताओं ने बागेश्वर धाम पर तालाबंदी करने के लिए कूच किया। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस की तीन बैरिकेडिंग तोड़कर आगे बढ़ने की कोशिश की, लेकिन मुस्तैद पुलिस बल ने तत्काल मोर्चा संभालते हुए कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया।
#जूतों से स्वागत की धमकी और #दुबई से आया भाईचारे का संदेश
विरोध प्रदर्शन की भनक लगते ही शास्त्री के समर्थक भी लाठी-डंडे लेकर सड़कों पर उतर आए और हाईवे पर चक्काजाम कर दिया। समर्थकों ने प्रदर्शनकारियों का जूतों और लाठियों से स्वागत करने तक की चेतावनी दे डाली। टकराव की आशंका के बीच दुबई में मौजूद धीरेंद्र शास्त्री ने शांति और एकता बनाए रखने की अपील की। शिष्य मंडल के नीतेंद्र चौबे ने बताया कि महाराज जी ने यादव समाज को अपना भाई बताते हुए सभी को बालाजी के चरणों में अर्जी लगाने का न्योता दिया है।
#शास्त्री बेटे समान, पर केवल बयान से माफी नहीं
यादव महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगदीश यादव ने स्पष्ट किया कि वे किसी धर्म के विरोधी नहीं हैं और धीरेंद्र शास्त्री उनके बेटे समान हैं, जिन्हें वे सही राह दिखाने आए हैं। वहीं, महासभा के अन्य नेताओं ने 1962 के रेजांग ला युद्ध में अहीर सैनिकों की वीरता याद दिलाते हुए तीखे तेवर दिखाए। उन्होंने कहा कि समाज लाठी-गोली से डरने वाला नहीं है और केवल सामान्य बयान देने से माफी नहीं मिलेगी। यदि कार्रवाई नहीं हुई, तो कथाओं के बहिष्कार के साथ चरणबद्ध आंदोलन होगा।
#पुलिस की मुस्तैदी से हालात काबू में...
छतरपुर एएसपी आदित्य पटले ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच टकराव टालने के लिए अतिरिक्त बल तैनात कर बैरिकेडिंग की गई थी। फिलहाल यातायात सुचारू है और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।
SP Chhatarpur