कोटा में ठेका कर्मचारियों ने भरी हुंकार, भरत व्यास बने जिला संयोजक
ठेका प्रथा खत्म करने और संविदा बोर्ड गठन की मांग, 30 नवंबर को कलेक्ट्रेट पर जुटेंगे कर्मचारी
कोटा, 25 नवंबर। प्रदेश में ठेका प्रथा समाप्त करने और संविदा कर्मचारियों के हितों की रक्षा की मांग को लेकर भारतीय मजदूर संघ (बीएमएस) ने आंदोलन की तैयारी तेज कर दी है। इसी कड़ी में बुधवार को एमबीएस अस्पताल परिसर में विभिन्न सरकारी विभागों के ठेका कर्मचारियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठन का विस्तार करते हुए नई जिम्मेदारियां सौंपी गईं और आगामी आंदोलन की रणनीति तैयार की गई।
भारतीय मजदूर संघ के प्रदेश संयोजक कालूराम गर्ग एवं मार्गदर्शक बृजेश कांत शर्मा की मौजूदगी में सर्वसम्मति से भरत व्यास को कोटा जिला संयोजक नियुक्त किया गया। वहीं सचिन शर्मा को कोटा संभाग संयोजक तथा देव आशीष सेन को सह संयोजक की जिम्मेदारी सौंपी गई। नवनियुक्त पदाधिकारियों का ठेका कर्मचारियों ने माल्यार्पण कर स्वागत किया।
हरियाणा की तर्ज पर संविदा बोर्ड बनाने की मांग
बैठक में ठेका कर्मचारियों की समस्याओं, अधिकारों और भविष्य की सुरक्षा को लेकर चर्चा की गई। पदाधिकारियों ने राजस्थान में भी हरियाणा की तर्ज पर कॉन्ट्रैक्चुअल बोर्ड यानी संविदा बोर्ड गठित करने की मांग उठाई। संगठन का कहना है कि ठेका कर्मचारियों को स्थायी समाधान और सुरक्षित रोजगार व्यवस्था उपलब्ध कराने के लिए ठेका प्रथा को समाप्त किया जाना चाहिए।
30 नवंबर को कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन
आंदोलन की अगली कड़ी में 30 नवंबर को कोटा जिले के विभिन्न सरकारी विभागों में कार्यरत ठेका कर्मचारी जिला कलेक्ट्रेट पर एकत्रित होंगे। दोपहर 2 बजे होने वाले इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के नाम जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा जाएगा।
ज्ञापन के माध्यम से प्रदेश में संविदा बोर्ड का गठन करने और राजस्थान को जल्द से जल्द ठेका प्रथा से मुक्त करने की मांग की जाएगी। संगठन ने जिले के सभी सरकारी विभागों से जुड़े ठेका कर्मचारियों से कार्यक्रम में अधिकाधिक संख्या में शामिल होने का आह्वान किया है।
कार्यक्रम का स्थान: जिला कलेक्ट्रेट, कोटा
दिनांक: 30 नवंबर
समय: दोपहर 2 बजे
Ladpura, Kota | Nov 25, 2026