उदयपुर एयरपोर्ट से 15 किमी दूर शिक्षा व्यवस्था बदहाल, मौत के साए में पढ़ने को मजबूर मासूम
उदयपुर। वल्लभनगर विधानसभा क्षेत्र की माल की टूस ग्राम पंचायत के फ्लैट गांव स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय की बदहाल स्थिति ने शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। विद्यालय भवन पूरी तरह जर्जर हो चुका है और उसकी छत कभी भी गिरने का खतरा बना हुआ है। बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए स्कूल भवन में कांटे डालकर प्रवेश रोक दिया गया है, जिससे छात्र खुले आसमान के नीचे चबूतरे की छाया में पढ़ाई करने को मजबूर हैं।
ग्रामीणों का आरोप है कि पिछले दो वर्षों से सरकार, सरपंच, तहसीलदार और संबंधित विभागों को कई बार शिकायतें दी गईं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। हैरानी की बात यह है कि यह विद्यालय उदयपुर एयरपोर्ट से महज 15 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है, फिर भी इसकी बदहाली पर प्रशासन और जनप्रतिनिधियों का ध्यान नहीं गया।
ग्रामीणों ने क्षेत्र में संचालित खनन गतिविधियों पर भी सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि भारी वाहनों की आवाजाही से सड़कें क्षतिग्रस्त हो गई हैं और लगातार खनन से पर्यावरण को भी नुकसान पहुंच रहा है। ऐसे में जब क्षेत्र के संसाधनों का उपयोग किया जा रहा है, तो शिक्षा जैसी मूलभूत सुविधा की अनदेखी समझ से परे है।
ग्रामीणों ने जर्जर विद्यालय भवन के तत्काल पुनर्निर्माण, बच्चों के लिए सुरक्षित भवन, जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई, टूटी सड़कों की मरम्मत तथा खनन गतिविधियों की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या प्रशासन किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है? यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो किसी भी अनहोनी की जिम्मेदारी आखिर किसकी होगी?
#LakeCityNews #Udaipur #Vallabhnagar #Education #GovernmentSchool #Rajasthan #SchoolBuilding #ChildSafety #EducationCrisis #BreakingNews
Badgaon, Udaipur | Jul 20, 2026