विद्यार्थियों की रचनात्मकता और विचारों को मंच प्रदान करना सेवा संकल्प अभियान का महत्वपूर्ण उद्देश्य – प्रभारी मंत्री श्री करण सिंह वर्मा
#SewaSankalpAbhiyan में प्रतिभाओं ने भरी विकसित भारत की उड़ान, जिला स्तरीय चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता संपन्न
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-1, मुरैना में जिला स्तरीय चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न विकासखंडों से चयनित विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए विकसित भारत की संकल्पना पर अपने विचारों और कल्पनाओं को चित्रों एवं भाषण के माध्यम से प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदेश के राजस्व मंत्री एवं मुरैना जिले के प्रभारी मंत्री श्री करण सिंह वर्मा ने कहा कि विद्यार्थियों की रचनात्मकता और विचारों को मंच प्रदान करना सेवा संकल्प अभियान का महत्वपूर्ण उद्देश्य है। चित्रकला एवं भाषण जैसी प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, सृजनात्मकता तथा अभिव्यक्ति कौशल का विकास होता है। विकसित भारत के निर्माण में युवा शक्ति की महत्वपूर्ण भूमिका है। विद्यार्थियों को राष्ट्र निर्माण के संकल्प के साथ अपनी प्रतिभा और ऊर्जा का सकारात्मक दिशा में उपयोग करते हुए आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि प्रतियोगिता में सहभागिता स्वयं में एक उपलब्धि है।महापौर श्रीमती शारदा सोलंकी ने विद्यार्थियों की कल्पनाशक्ति और विचारों को भविष्य के भारत की मजबूत नींव बताया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष श्री कमलेश कुशवाहा ने की। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की प्रतिभा को मंच प्रदान करने वाले ऐसे आयोजन समाज और राष्ट्र के लिए महत्वपूर्ण हैं। विकसित भारत का संकल्प विद्यार्थियों की ऊर्जा, प्रतिभा और नवाचार से साकार होगा। प्रदेश कार्यसमिति सदस्य डॉ. योगेश पाल गुप्ता ने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों की प्रतिभा को पहचानने के साथ ही उन्हें अपनी क्षमता का प्रदर्शन करने और आगे बढ़ने के अवसर प्रदान करते हैं। पूर्व मंत्री श्री गिर्राज दंडोतिया, पूर्व विधायक श्री रघुराज कंसाना, श्री महेंद्र सिंह यादव एवं श्री बृजकिशोर दंडोतिया ने भी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं।
जिला स्तर पर शिक्षा विभाग के लिए अभियान के समन्वयक डॉ. राकेश कुमार शर्मा ने बताया कि प्रत्येक विकासखंड से भाषण एवं चित्रकला प्रतियोगिता में प्रथम तीन स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को जिला स्तरीय प्रतियोगिता में सहभागिता का अवसर प्रदान किया गया। जिला स्तर पर चयनित विद्यार्थी आगामी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में सहभागिता करेंगे।
भाषण प्रतियोगिता में प्रथम स्थान कुमारी गौरी शर्मा, कक्षा 12, शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-1, मुरैना ने प्राप्त किया। द्वितीय स्थान इकरा फातिमा, कक्षा 10, शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, पोरसा तथा तृतीय स्थान कुमारी सौम्या मुद्गल, शासकीय सांदीपनि उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, कैलारस ने प्राप्त किया।
चित्रकला प्रतियोगिता में प्रथम स्थान अभिषेक यादव, कक्षा 12, शासकीय सांदीपनि उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, सबलगढ़ ने प्राप्त किया। द्वितीय स्थान कान्हा शर्मा, कक्षा 12, शासकीय मॉडल उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, सबलगढ़ तथा तृतीय स्थान कुमारी सृष्टि कुशवाहा, कक्षा 9, शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-1, मुरैना ने प्राप्त किया। कुमारी पलक, कक्षा 6, शासकीय सांदीपनि उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, अम्बाह को विशेष पुरस्कार प्रदान किया गया।
प्रभारी मंत्री श्री करण सिंह वर्मा ने विजेता एवं विशेष पुरस्कार प्राप्त विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र एवं शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया। साथ ही सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिताओं के आयोजन एवं सफल संचालन में उत्कृष्ट योगदान के लिए डॉ. राकेश कुमार शर्मा को प्रशंसा-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में महापौर श्रीमती शारदा सोलंकी,कलेक्टर श्री लोकेश कुमार जांगिड़, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री कमलेश कुमार भार्गव उपस्थित रहे।
#JansamparkMP #morena2026 #Morena #MadhyaPradesh Jansampark Madhya Pradesh
19 views | Morena, Madhya Pradesh | Sep 28, 2026