ब्रेकिंग जालौन: दशहरा पर्व को लेकर देर रात तक सक्रिय रहे डीएम-एसपी, विसर्जन स्थलों का किया निरीक्षण
रावण दहन स्थल पर भीड़ नियंत्रण के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश, सुरक्षा और श्रद्धालुओं की सुविधाओं पर दिया जोर
उरई, जालौन। दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी समीर और पुलिस अधीक्षक सुरेश चंद्र रावत देर रात तक सक्रिय रहे। दोनों अधिकारियों ने उरई के विभिन्न प्रमुख स्थलों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था और तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान अधिकारियों ने संबंधित कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
डीएम और एसपी ने चिल्ली तालाब स्थित मूर्ति विसर्जन स्थल, गल्ला मंडी स्थित रावण दहन स्थल तथा महिल तालाब पर दुर्गा मूर्ति स्थापना सहित अन्य संबंधित स्थलों का निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने विसर्जन स्थलों पर सुरक्षा, यातायात नियंत्रण, गोताखोरों की तैनाती और साफ-सफाई की व्यवस्था की समीक्षा करते हुए श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों से विसर्जन स्थलों पर सीसीटीवी कैमरे, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, पेयजल और मोबाइल टॉयलेट सहित सभी जरूरी सुविधाएं सुनिश्चित करने को कहा। वहीं, गल्ला मंडी स्थित रावण दहन स्थल पर भीड़ को नियंत्रित रखने के लिए पर्याप्त सुरक्षा कर्मियों की तैनाती और लोगों की आवाजाही सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए, ताकि कार्यक्रम के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।
पुलिस अधीक्षक सुरेश चंद्र रावत ने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को पूरी मुस्तैदी के साथ ड्यूटी करने तथा संवेदनशील स्थलों पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी अप्रिय स्थिति की आशंका होने पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई की जाए।
डीएम और एसपी ने संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए, जिससे दशहरा पर्व जनपद में शांति, सुरक्षा और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक , जिलाधिकारी जालौन, उप जिलाधिकारी उत्तम कुमार तिवारी, सहित, थाना प्रभारी व अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
Jalaun, Jalaun | Oct 18, 2026