आमस में भी छठ की धूम, घाटों पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
आमस (गयाजी)। लोक आस्था का महापर्व छठ शुरू होते ही आमस प्रखंड क्षेत्र के छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। नहाय-खाय के साथ शुरू हुए चार दिवसीय पर्व को लेकर पूरे प्रखंड में भक्ति का माहौल है।
प्रखंड के बनकट ढिबरा, बरवाडीह दो मुहान छठ घाट, बेलबिगहा छठ घाट, बोधिस्थान छठ घाट सहित अन्य छठ घाटों पर व्रतियों और श्रद्धालुओं की काफी भीड़ देखी गई। सुबह से ही व्रती स्नान कर पूजा-अर्चना में जुटे रहे, वहीं घाटों पर छठ के पारंपरिक गीतों से वातावरण भक्तिमय हो गया।
नहाय-खाय के दिन व्रतियों ने लौकी-भात और कद्दू की सब्जी का प्रसाद ग्रहण कर व्रत की शुरुआत की। शनिवार को खरना, रविवार को संध्या अर्घ्य और सोमवार को उषा अर्घ्य के साथ महापर्व का समापन होगा।
घाटों पर पूजा समितियों और स्थानीय लोगों की ओर से सफाई, लाइटिंग और व्यवस्था का काम किया गया है। प्रशासन भी घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नजर बनाए हुए है।