जलभराव से सब्जी मंडी बनी दलदल, सड़क पर दुकानें लगाने को मजबूर हुए सब्जी विक्रेता
.
#हरदोई: जनपद के बेनीगंज नगर में लगातार रुक-रुक कर हो रही बारिश ने नगर की व्यवस्थाओं की पोल खोल दी है। सोमवार को नगर के बस स्टॉप स्थित सब्जी बाजार में भारी जलभराव और कीचड़ होने के कारण सब्जी विक्रेताओं को अपनी दुकानें मुख्य सड़क पर लगाने के लिए मजबूर होना पड़ा। इससे जहां विक्रेताओं को परेशानी का सामना करना पड़ा, वहीं सड़क पर यातायात भी प्रभावित रहा।
सब्जी विक्रेताओं ने बताया कि बारिश के कारण बाजार स्थल पूरी तरह पानी से भर गया है। जगह-जगह दलदल और कीचड़ होने से ग्राहक बाजार के अंदर नहीं पहुंच पा रहे हैं। ऐसे में रोजी-रोटी चलाने के लिए उन्होंने अपनी दुकानें सड़क किनारे लगा लीं। उनका कहना है कि यदि ऐसा नहीं करते तो पूरे दिन की बिक्री प्रभावित होती और आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बस स्टॉप स्थित सब्जी बाजार में हर वर्ष बरसात के दौरान जलभराव की समस्या उत्पन्न हो जाती है, लेकिन इसके स्थायी समाधान की दिशा में अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। उचित जल निकासी व्यवस्था न होने के कारण थोड़ी सी बारिश में ही बाजार तालाब जैसा दिखाई देने लगता है।
सड़क पर दुकानें लगने से राहगीरों और वाहन चालकों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। लोगों ने नगर पंचायत से बाजार स्थल पर जल निकासी की समुचित व्यवस्था कराने, दलदल हटाने तथा सड़क पर अतिक्रमण जैसी स्थिति बनने से पहले स्थायी समाधान सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि बरसात के मौसम में व्यापारियों और आम नागरिकों को इस समस्या से राहत मिल सके।
#रिपोर्ट: पुनीत मिश्रा/बेनीगंज
Hardoi, Hardoi | Jul 20, 2026