एनीमिया मुक्त बिहार अभियान का अररिया में शुभारंभ, कार्यक्रम में आशा कर्मियों ने नाश्ते को लेकर जताई नाराजगी
संवदिया न्यूज, अररिया – बिहार।
अररिया में 25 अगस्त 2026 को एनीमिया दिवस के अवसर पर एनीमिया मुक्त बिहार अभियान चलाने का संकल्प लिया गया। अभियान का उद्घाटन वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से किया गया। इस दौरान अस्पताल के सभागार में सिविल सर्जन, चिकित्सक, नर्स, कंपाउंडर एवं आशा कर्मी सहित स्वास्थ्य विभाग से जुड़े कर्मी मौजूद रहे।
कार्यक्रम में डीएस डॉ. राजेंद्र, डीपीएम संतोष कुमार, स्थल प्रबंधक विकास कुमार आनंद सहित अन्य अधिकारी एवं स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित थे। चिकित्सकों ने एनीमिया के कारण, लक्षण, बचाव एवं उपचार को लेकर जानकारी दी।
डॉ. राजेंद्र ने बताया कि गर्भवती महिलाओं की नियमित जांच पर विशेष जोर दिया जाएगा। जांच के दौरान एनीमिया की भी जांच की जाएगी। एनीमिया पाए जाने पर गर्भवती महिला का उचित उपचार किया जाएगा, ताकि मां और होने वाले बच्चे को स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों से बचाया जा सके।
उन्होंने गर्भवती महिलाओं से अपील की कि गांव-देहात में रहने वाली महिलाएं भी अपने नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या सदर अस्पताल पहुंचकर नियमित जांच कराएं। उन्होंने बताया कि अस्पताल में आवश्यक दवाएं उपलब्ध हैं।
कार्यक्रम के दौरान नाश्ते को लेकर आशा कर्मियों ने जताई नाराजगी
कार्यक्रम में ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंची आशा कर्मियों के लिए नाश्ते को लेकर विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई। आशा कर्मियों का कहना था कि वे सुबह करीब 8 बजे से शाम 5 बजे तक कार्यक्रम में मौजूद रहीं और इस दौरान उन्हें पर्याप्त भोजन या नाश्ता नहीं मिला।
आशा कर्मियों के अनुसार, कार्यक्रम समाप्त होने के समय उन्हें कथित तौर पर पांच रुपये का बिस्किट का पैकेट देकर घर जाने को कहा गया। इस पर कई आशा कर्मियों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि सुबह से शाम तक भूखे-प्यासे रहने के बाद केवल पांच रुपये का बिस्किट पर्याप्त नहीं है।
इस दौरान आशा कर्मियों ने मौके पर हंगामा करते हुए अपनी नाराजगी जाहिर की। कार्यक्रम स्थल पर मौजूद डीपीएम एवं अन्य अधिकारियों के समक्ष भी उन्होंने अपनी बात रखी। वहीं, मौके पर मौजूद मीडिया कर्मियों द्वारा घटना की रिकॉर्डिंग किए जाने को लेकर भी आपत्ति जताए जाने की बात सामने आई।
संजय भारती
#अररिया #बिहार #संवदियान्यूज #एनीमिया #एनीमियामुक्तबिहार #एनीमियादिवस #स्वास्थ्य #स्वास्थ्यविभाग #गर्भवतीमहिला #आशाकर्मी #सदरअस्पताल #अररियान्यूज #BiharNews #ArariaNews #HealthNews #Followers