32वीं सामूहिक करवाचौथ कथा और पूजा संपन्न, भारी बारिश के चलते कमरे के अंदर हुआ आयोजन।
देहरादून द्रोण आश्रम टपकेश्वर कॉलोनी में योगाचार्य डॉ. बिपिन जोशी के आवास पर 32वें सामूहिक करवाचौथ व्रत की कथा और पूजा-अर्चना श्रद्धा व उल्लास के साथ संपन्न हुई। इस वर्ष क्षेत्र में हुई भीषण बारिश के कारण मुख्य आयोजन को खुले प्रांगण के बजाय कमरे के भीतर आयोजित करना पड़ा। मौसम की प्रतिकूलता के चलते हर वर्ष के मुकाबले इस बार श्रद्धालुओं की संख्या कुछ कम रही, लेकिन महिलाओं के उत्साह और भक्तिभाव में कोई कमी नहीं दिखी।
कार्यक्रम की शुरुआत विशेष पूजा-अर्चना के साथ हुई, जिसके बाद उपस्थित महिलाओं ने करवाचौथ की पारंपरिक व्रत कथा का श्रवण किया। इसके उपरांत मधुर भजनों की प्रस्तुति ने माहौल को भक्तिमय बना दिया। इस धार्मिक अनुष्ठान में भगवती जोशी, गीता जोशी, विभूति कम्बोज, सीमा पाटनी, विमला जोशी, जानकी जोशी, नीतू पाटनी और भारती थापा सहित बड़ी संख्या में मातृशक्ति ने सम्मिलित होकर अखंड सौभाग्य की कामना की।