बिहारी समाज के अपमान के मुद्दे पर 2 अक्टूबर की महापंचायत को प्रवासी समाज का समर्थन
फरीदाबाद। बिहारी एवं पूर्वांचल समाज के खिलाफ कथित अपमानजनक भाषा के मामले को लेकर प्रवासी समाज में नाराजगी लगातार बढ़ रही है। इसी मुद्दे पर एनआईटी फरीदाबाद के पूर्व विधायक नीरज शर्मा द्वारा 2 अक्टूबर को तिलपत में बुलाई गई महापंचायत को समाज के प्रमुख लोगों ने समर्थन देने की घोषणा की है।
समाज के जाने-माने चेहरे एवं पूर्व नगर निगम प्रत्याशी अर्जुन सिंह, राजकुमार तथा अमित शर्मा ने प्रवासी एवं पूर्वांचल समाज के लोगों से अपील की है कि वे 2 अक्टूबर को अधिक से अधिक संख्या में तिलपत पहुंचकर महापंचायत में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।
यह विवाद नगर निगम के एक अधिकारी की बताई जा रही ऑडियो क्लिप सामने आने के बाद शुरू हुआ था, जिसमें बिहारी और पूर्वांचल समाज के प्रति कथित रूप से अपमानजनक शब्दों के इस्तेमाल का आरोप लगाया गया। इस मामले को लेकर पूर्व विधायक नीरज शर्मा पहले भी प्रशासन से संबंधित अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर चुके हैं।
समाज के प्रतिनिधियों ने कहा कि किसी भी क्षेत्र, भाषा या समुदाय के लोगों का अपमान स्वीकार नहीं किया जा सकता। फरीदाबाद के निर्माण, उद्योग, व्यापार और विकास में पूर्वांचल तथा प्रवासी समाज ने वर्षों से महत्वपूर्ण योगदान दिया है और उनके सम्मान से किसी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए।
अर्जुन सिंह, राजकुमार और अमित शर्मा ने कहा कि यह महापंचायत केवल किसी एक व्यक्ति या संगठन की नहीं, बल्कि समाज के सम्मान और स्वाभिमान से जुड़ी आवाज है। उन्होंने लोगों से आपसी मतभेद भुलाकर एक मंच पर आने और शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखने की अपील की।
पूर्व विधायक नीरज शर्मा पहले ही ऐलान कर चुके हैं कि 2 अक्टूबर को मेन तिलपत रोड, एसबीआई बैंक के सामने, शगुन वाटिका में दोपहर 2 बजे से इस मुद्दे को लेकर बड़े आंदोलन की शुरुआत की जाएगी।
समाज के प्रतिनिधियों ने कहा कि 2 अक्टूबर की महापंचायत के माध्यम से सरकार और प्रशासन तक स्पष्ट संदेश पहुंचाया जाएगा कि बिहारी, पूर्वांचली एवं प्रवासी समाज के सम्मान के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ स्वीकार नहीं किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि समाज की ताकत उसकी एकता में है और इसीलिए हर परिवार से लोगों को महापंचायत में पहुंचकर अपनी उपस्थिति दर्ज करानी चाहिए।