संविधान की उद्देशिका का पाठ कर गोंडवाना गणतंत्र पार्टी ने मनाया संविधान दिवस
आर्थिक गणतंत्र की स्थापना के लिए राष्ट्रव्यापी संगठित संघर्ष और जनांदोलन छेड़ने का आह्वान
बलिया कलेक्ट्रेट स्थित अंबेडकर संस्थान में गुरुवार को गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के नेताओं ने संविधान दिवस उत्साहपूर्वक मनाया। इस अवसर पर भारत रत्न बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया गया। इसके बाद बाबा साहब अमर रहें और भारतीय संविधान की उद्देशिका की जय हो के नारे लगाते हुए संविधान की उद्देशिका का सामूहिक पाठ किया गया।
इस दौरान पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री एवं इंडियन पीपुल्स सर्विसेज (आईपीएस) के संस्थापक राष्ट्रीय अध्यक्ष अरविंद गोंडवाना ने कहा कि देश को आजाद कराने में तमाम भारतवासियों ने संगठित संघर्ष किया और कुर्बानियां दीं। बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर ने देश को दुनिया का बेहतरीन संविधान और उसकी उद्देशिका प्रदान की। उन्होंने कहा कि संविधान की उद्देशिका में उल्लिखित राजनीतिक, सामाजिक और आर्थिक न्याय को शत-प्रतिशत धरातल पर लागू कराने के लिए देशवासियों को राष्ट्रव्यापी संगठित संघर्ष और जनांदोलन छेड़ने की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि आजादी, लोकतंत्र और गणतंत्र की सार्थकता तभी है, जब प्रत्येक व्यक्ति को काम, भरपेट भोजन, समुचित इलाज की गारंटी और बुनियादी आवश्यकताओं की पूर्ति सुनिश्चित हो। यदि समाज का एक भी व्यक्ति इन सुविधाओं से वंचित रहता है तो आजादी और गणतंत्र का वास्तविक उद्देश्य पूरा नहीं हो सकता। उन्होंने गणतंत्र की सर्वोच्च अवस्था आर्थिक गणतंत्र की स्थापना पर जोर देते हुए कहा कि गोंडवाना गणतंत्र पार्टी इसी उद्देश्य को लेकर राष्ट्रव्यापी आंदोलन के तहत संघर्षरत है।
पूर्व बैंक प्रबंधक जिउत जी गोंड ने कहा कि घर-घर में भारतीय संविधान और उसकी उद्देशिका का पाठ होना चाहिए। संविधान की उद्देशिका ही संविधान और देश की आत्मा है। इसे शत-प्रतिशत लागू करने से भारत दुनिया के महानतम देशों की अग्रणी सूची में शामिल हो सकता है।
इस अवसर पर जिउत जी गोंड, बच्चा लाल गोंड, रमाशंकर गोंड, सोनू गोंड, वीरेंद्र कुमार, बबलू गोंड, बृजेश गोंड, संजय गोंड, सुरेश शाह और नितेश गोंड सहित अन्य लोग मौजूद रहे।