जिले में कर्मयोगी कर्तव्य कार्यक्रम के अंतर्गत ई-दक्ष केंद्र में विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं लोकसेवकों के लिए तीन दिवसीय महत्वपूर्ण प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इस राष्ट्रीय स्तर के व्यवहारिक प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य नागरिक सेवाओं में जनसेवा की भावना को सुदृढ़ करना तथा सरकारी लोकसेवकों को अधिक दक्ष, उत्तरदायी एवं सेवा-भावी बनाना है। कार्यक्रम के माध्यम से प्रशासन को अधिक जन-केंद्रित बनाने तथा जनहित, पारदर्शिता और सुशासन को प्राथमिकता देने की प्रेरणा दी जा रही है। प्रशिक्षण के दौरान मास्टर ट्रेनर हरि कृष्ण सोनी, वरिष्ठ प्रशिक्षक, ई-दक्ष केंद्र तथा प्रीति सिंह ने प्रतिभागियों को कार्यक्रम की रूपरेखा, प्रशिक्षण प्रक्रिया एवं विभागीय स्तर पर इसके प्रभावी क्रियान्वयन संबंधी विस्तृत जानकारी प्रदान की।
तीन दिवसीय इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिले के विभिन्न प्रमुख विभागों के लोकसेवक भाग ले रहे हैं। इनमें मुख्य रूप से उच्च शिक्षा विभाग, राजस्व विभाग, तकनीकी शिक्षा विभाग, पशुपालन विभाग तथा मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद के अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल हैं। वरिष्ठ प्रशिक्षकों ने बताया कि कर्मयोगी कर्तव्य कार्यक्रम का उद्देश्य विभागों में सेवा-उन्मुख कार्य संस्कृति को बढ़ावा देना है, जिससे नागरिकों की आवश्यकताओं एवं अपेक्षाओं के अनुरूप प्रशासनिक सेवाएं अधिक प्रभावी, पारदर्शी और संवेदनशील बन सकें। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम लोकसेवकों में कर्तव्यनिष्ठा, जवाबदेही और जनसेवा के प्रति समर्पण की भावना को और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
#शहडोल