प्रेस विज्ञप्ति
जिला जनसंपर्क कार्यालय, लखीसराय।
दिनांक: 18.07.2026
आज दिनांक 18 जुलाई 2026 को जिला पदाधिकारी, लखीसराय श्री शैलेन्द्र कुमार की अध्यक्षता में मॉडल स्कूलों के शुभारंभ कार्यक्रम को लेकर एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जानकारी दी गई कि दिनांक 19 जुलाई 2026 को माननीय मुख्यमंत्री, बिहार श्री सम्राट चौधरी द्वारा द्वारा बेगूसराय से लाइव प्रसारण के माध्यम से मॉडल स्कूलों का शुभारंभ किया जाएगा।
इस अवसर पर लखीसराय जिले के विभिन्न प्रखंडों के चयनित विद्यालयों—उच्च विद्यालय हलसी, उच्च विद्यालय रामगढ़ चौक, केन्द्रीय उच्च माध्यमिक विद्यालय लखीसराय, मालती रामाश्रय उच्च विद्यालय बड़हिया, उच्च माध्यमिक विद्यालय पिपरिया, उच्च विद्यालय नरोत्तमपुर कजरा, सूर्यगढ़ा तथा उत्क्रमित उच्च विद्यालय मननपुर (चानन)—में कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया जाएगा।
जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि कार्यक्रम के सफल संचालन हेतु मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम तैयार कर उसका कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। कार्यक्रम में स्वागत गान, पदाधिकारियों का संबोधन, माननीय जनप्रतिनिधियों का उद्बोधन तथा धन्यवाद ज्ञापन शामिल रहेगा।
उन्होंने सभी विद्यालयों में साफ-सफाई, समुचित बैठने की व्यवस्था एवं तकनीकी तैयारियों को सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। सभी शिक्षकों को निर्धारित ड्रेस कोड एवं पहचान पत्र (आई-कार्ड) के साथ उपस्थित रहने को कहा गया। कार्यक्रम के दौरान निर्बाध प्रसारण हेतु पावर बैकअप की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए गए।
इसके अतिरिक्त, प्रत्येक विद्यालय में ड्यूटी रोस्टर बनाकर शिक्षकों की जिम्मेदारी तय करने, कंट्रोल रूम स्थापित करने तथा प्रशासनिक पदाधिकारियों के साथ समन्वय बनाकर कार्य करने को कहा गया। प्राचार्यों को निर्देशित किया गया कि वे माननीय जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित करें तथा उनकी गरिमामयी उपस्थिति सुनिश्चित करें।
जिला पदाधिकारी द्वारा सभी सात माॅडल विद्यालय के लिए सात वरीय पदाधिकारी को कार्यक्रम की सफलता के लिए निर्देशित किया गया।
इसके साथ ही आज उन मॉडल विद्यालयों की तैयारी का निरीक्षण शाम को जिला पदाधिकारी के द्वारा अपर समाहर्ता, उप विकास आयुक्त, अनुमंडल पदाधिकारी एवं अन्य जिला के वरीय पदाधिकारी के साथ करने की योजना से सबको अवगत कराया गया ताकि कार्यक्रम को सफल बनाया जा सके।
बैठक में अपर समाहर्ता श्री नीरज कुमार, उप विकास आयुक्त श्री सुमित कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी श्री प्रभाकर कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी श्री यदुवंश राम, सभी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी, कार्यक्रम पदाधिकारी (शिक्षा विभाग) तथा संबंधित विद्यालयों के प्राचार्य उपस्थित रहे।