जनता की हर आवाज को प्राथमिकता, जनसुनवाई में एएसपी ने दिए समयबद्ध निस्तारण के निर्देश
संतकबीरनगर। आमजन की समस्याओं के त्वरित, निष्पक्ष एवं प्रभावी समाधान को लेकर संतकबीरनगर पुलिस लगातार सक्रिय है। पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह ने सोमवार को पुलिस कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई के दौरान फरियादियों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं।जनसुनवाई में पहुंचे लोगों ने विभिन्न समस्याओं से संबंधित प्रार्थना-पत्र अपर पुलिस अधीक्षक के समक्ष प्रस्तुत किए। उन्होंने प्रत्येक शिकायत का अवलोकन करते हुए संबंधित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों का तथ्यों के आधार पर निष्पक्ष, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण निर्धारित समय-सीमा के भीतर सुनिश्चित किया जाए।एएसपी ने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि शिकायतों पर की गई कार्रवाई की जानकारी संबंधित शिकायतकर्ता को समय से उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि पुलिस और जनता के बीच विश्वास एवं बेहतर संवाद कायम रखने के लिए शिकायतों का संवेदनशीलता के साथ निस्तारण बेहद जरूरी है।उन्होंने कहा कि जनसुनवाई महज शिकायत दर्ज करने की प्रक्रिया नहीं, बल्कि पुलिस की जवाबदेही और नागरिकों की समस्याओं के प्रति संवेदनशीलता का महत्वपूर्ण माध्यम है। प्रत्येक शिकायत का प्राथमिकता के आधार पर परीक्षण कर पीड़ितों को त्वरित एवं प्रभावी राहत उपलब्ध कराई जाए।संतकबीरनगर पुलिस ने कहा कि जनविश्वास, पारदर्शिता एवं उत्तरदायी पुलिसिंग के सिद्धांतों के अनुरूप आमजन को बेहतर, संवेदनशील और समयबद्ध पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए पुलिस विभाग निरंतर प्रतिबद्ध है।