सेवा और समर्पण की मिसाल बने नील मणि, अधिवक्ताओं के लिए सात चैंबर का भव्य लोकार्पण
धनघटा। अधिवक्ताओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में पूर्व विधानसभा प्रत्याशी नील मणि ने एक और सराहनीय पहल की है। धनघटा तहसील परिसर में उनके निजी संसाधनों से लाखों रुपये की लागत से निर्मित सात टीन शेड चैंबर का सोमवार को भव्य समारोह के बीच लोकार्पण किया गया। उद्घाटन के दौरान तहसील परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व सांसद डॉ. रमापति राम त्रिपाठी ने नवनिर्मित चैंबर का लोकार्पण किया। विशिष्ट अतिथि खलीलाबाद सदर के पूर्व विधायक दिग्विजय नारायण उर्फ जय चौबे रहे। समारोह में जनपद बार एसोसिएशन एवं तहसील बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे।समारोह को संबोधित करते हुए डॉ. रमापति राम त्रिपाठी ने कहा कि नील मणि ने कर्तव्यनिष्ठा, दृढ़ संकल्प और सेवा भावना के माध्यम से समाज के सामने अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया है। उन्होंने बिड़हर घाट समेत क्षेत्र में निजी संसाधनों से कराए गए विभिन्न कार्यों तथा अधिवक्ताओं के लिए चैंबर निर्माण की पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि समाजहित में समर्पण की यह भावना युवाओं और जनप्रतिनिधियों के लिए प्रेरणादायक है।पूर्व विधायक दिग्विजय नारायण उर्फ जय चौबे ने कहा कि नील मणि ने राजनीति को सेवा का माध्यम बनाकर क्षेत्र के विकास और जनसुविधाओं के लिए लगातार प्रयास किया है। निजी संसाधनों से समाज के विभिन्न वर्गों को सुविधाएं उपलब्ध कराने की उनकी पहल सराहनीय है और भविष्य में क्षेत्र के विकास के लिए महत्वपूर्ण साबित होगी।जनपद बार एसोसिएशन के वरिष्ठ अधिवक्ता ईश्वर चंद पांडेय ने अधिवक्ताओं के लिए चैंबर उपलब्ध कराने के कार्य को ऐतिहासिक पहल बताया। उन्होंने जिले के सृजन से जुड़े संघर्षों और नील मणि के योगदान को भी याद किया।कार्यक्रम के पूर्व नील मणि और तहसील बार एसोसिएशन के अध्यक्ष दिलीप राय ने मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथि का फूल-मालाओं से स्वागत किया। अतिथियों को अंगवस्त्र एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. मनोज शुक्ला ने किया।इस अवसर पर तहसील बार अध्यक्ष दिलीप राय, अधिवक्ता अरविंद श्रीवास्तव, लाल शरण सिंह, सुरेंद्र सिंह, घनश्याम मौर्य, प्रेम नारायण मिश्रा, मिठाईलाल, जयप्रकाश राय, प्रभुनाथ यादव, बलराम यादव, दशरथ चौहान, हनुमान सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।#दिग्विजयनारायणचौबे #नीलमणि #रमापतिरामत्रिपाठी #संतकबीरनगर