शेखपुरा जिला के बरबीघा में लगेगा जाम से छुटकारा, जिला पदाधिकारी ने अतिक्रमण हटाने के दिए सख्त निर्देश।
आज दिनांक 04 जून 2026 को
श्री शेखर आनंद, जिला पदाधिकारी ने बरबीघा का दौरा किया और शहर में व्याप्त जाम की समस्या से निपटने के लिए नगर कार्यपालक पदाधिकारी को सख्त निर्देश दिए। जिला पदाधिकारी महोदय ने स्पष्ट किया कि आमजनों की सुविधा और यातायात को सुगम बनाना उनकी प्राथमिकता है।
जिला पदाधिकारी ने नगर कार्यपालक पदाधिकारी बरबीघा को निर्देशित किया कि बरबीघा शहर के प्रमुख चौराहों—हटिया चौक, मिशन चौक और थाना चौक—को तत्काल अतिक्रमण मुक्त कराया जाए। उन्होंने कहा कि सड़क किनारे अवैध रूप से किए गए निर्माण, जैसे कि गुमटी, करकट के छप्पर, स्थायी स्टॉल और ठेले, यातायात में बड़ी बाधा बन रहे हैं। विशेष रूप से थाना चौक के पास सड़क किनारे लगने वाली फल और सब्जी की दुकानों को हटाने के लिए उन्होंने लगातार अभियान चलाने का निर्देश दिया है, ताकि लोगों को जाम से निजात मिल सके। अतिक्रमण हटाने के साथ-साथ जिला पदाधिकारी ने सड़क सुरक्षा को लेकर भी सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने जिला परिवहन पदाधिकारी और अनुमंडल पदाधिकारी को निर्देशित किया कि वे अपने स्तर से बरबीघा नगर क्षेत्र में सघन जांच अभियान चलाएं। इस अभियान के तहत मुख्य रूप से वाहनों की चेकिंग करना,सीट बेल्ट का अनिवार्य पालन सुनिश्चित करना, वाहनों में ओवरलोडिंग की जांच कर सख्त कार्रवाई करना। उसके बाद जिला पदाधिकारी ने बरबीघा रेफरल अस्पताल का भी निरीक्षण किया। यहाँ उन्होंने 'जीविका दीदी की रसोई' के निर्माण कार्य की समीक्षा की और काम में तेजी लाने के स्पष्ट निर्देश दिए। अस्पताल में नवनिर्मित लिफ्ट की कार्यक्षमता का भी उन्होंने जायजा लिया और उसके रखरखाव को लेकर आवश्यक निर्देश दिए। अ अस्पताल में वायो मेडिकल वेस्ट का संधारण ठीक से किया जा रहा था। उसमें अलग अलग पीला, लाल, नीला और सफेद कचरे को अलग-अलग श्रेणियों में सही तरीके से रखा जा रहा है, जिस पर जिला पदाधिकारी ने संतोष व्यक्त किया।
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त, अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी और पीएचसी प्रभारी डॉ फैजल सहित स्थानीय प्रशासन के कई वरिष्ठ अधिकारी और कर्मी उपस्थित थे।