कोटा में सीवरेज चैंबर में धमाका! इलाके में मचा हड़कंप, पुलिस और जांच एजेंसियां अलर्ट
नांता क्षेत्र की मोहनलाल सुखाड़िया आवासीय योजना के डी-ब्लॉक में रविवार शाम हुई घटना, IG और SP सहित डॉग स्क्वॉड व FSL टीम ने संभाला मोर्चा
कोटा। शहर के नांता थाना क्षेत्र में सीवरेज चैंबर में हुए विस्फोट के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और जांच एजेंसियां अलर्ट मोड पर आ गईं। मोहनलाल सुखाड़िया आवासीय योजना के डी-ब्लॉक में रविवार शाम हुए धमाके के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की।
घटना की सूचना मिलते ही रेंज IG हरेन्द्र महावर और कोटा SP तेजस्विनी गौतम पुलिस अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचे। इसके अलावा डॉग स्क्वॉड और एफएसएल टीम को भी बुलाया गया। जांच टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर विभिन्न सैंपल जुटाए, ताकि विस्फोट के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।
पूछताछ के लिए कई लोगों को थाने ले गई पुलिस
घटना के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कई लोगों को पूछताछ के लिए थाने बुलाया। वहीं कुछ परिजनों ने आरोप लगाया कि उनके लोगों को हिरासत में रखा गया है और उन्हें भोजन तक उपलब्ध नहीं कराया गया। इन आरोपों को लेकर भी स्थिति स्पष्ट होना बाकी है।
विस्फोट के पीछे क्या वजह?
फिलहाल सीवरेज चैंबर में विस्फोट किन परिस्थितियों में हुआ, इसका खुलासा नहीं हुआ है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। एफएसएल टीम की जांच और मौके से जुटाए गए सैंपल की रिपोर्ट के बाद ही विस्फोट की असली वजह सामने आ सकेगी।
Ladpura, Kota | Nov 3, 2026