#औरंगाबाद में जन सुराज की ओर आकर्षित हो रहे अधिवक्ता, पूर्व सचिव भारी समर्थकों के साथ पार्टी में हुए शामिल।
जिला परिषद चुनाव 2027 की तैयारी में जुटी जन सुराज, जिले के सभी 11 प्रखंडों के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने बैठक में बनाई रणनीति**
औरंगाबाद।जिले में जन सुराज पार्टी का जनाधार बढ़ाने की दिशा में लगातार प्रयास किया जा रहा है। इसी क्रम में पार्टी की ओर से आयोजित अहम बैठक में संगठन की मजबूती और आगामी चुनावों की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक के दौरान पूर्व सचिव, भारत एसोसिएशन औरंगाबाद भारी संख्या में अपने समर्थकों के साथ जन सुराज पार्टी में शामिल हुए। उनके पार्टी में शामिल होने को संगठन के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। वहीं, जिले के अधिवक्ताओं का भी जन सुराज की विचारधारा और संगठन की ओर आकर्षण बढ़ने की बात सामने आई।
बैठक में जन सुराज पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, जिला एवं प्रखंड पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। इस दौरान बिहार में परिसीमन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद वर्ष 2027 में प्रस्तावित जिला परिषद चुनाव को लेकर पार्टी की रणनीति पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। पार्टी ने स्पष्ट किया कि आगामी जिला परिषद चुनाव में संगठन की ओर से प्रत्याशी उतारने की तैयारी की जा रही है। इसके लिए अभी से पंचायत और प्रखंड स्तर पर संगठन को मजबूत बनाने पर जोर दिया जा रहा है।
बैठक में चुनाव लड़ने के इच्छुक लोगों को पार्टी की ओर से हरसंभव सहयोग देने की बात कही गई। इसमें बैनर, पोस्टर और चुनाव प्रचार से जुड़ी अन्य सहायता उपलब्ध कराने पर चर्चा हुई। हालांकि, पार्टी ने प्रत्याशी बनने के इच्छुक लोगों के लिए तीन प्रमुख शर्तें भी निर्धारित की हैं। पहली शर्त है कि संबंधित व्यक्ति अधिक से अधिक लोगों को जन सुराज से जोड़े। दूसरी शर्त पार्टी की विचारधारा और नीतियों का व्यापक प्रचार-प्रसार करना है। वहीं तीसरी शर्त संगठन के लिए सकारात्मक परिणाम देना है। इन शर्तों को पूरा करने वाले लोगों को पार्टी के आधिकारिक प्रत्याशी के रूप में मान्यता देने पर विचार किया जाएगा।
बैठक में औरंगाबाद जिले के सभी 11 प्रखंडों से पदाधिकारी और कार्यकर्ता पहुंचे थे। इस दौरान कई लोगों ने जिला परिषद का चुनाव लड़ने की इच्छा भी जाहिर की। इसके अलावा पंचायत स्तर पर मुखिया, पंचायत समिति सदस्य, वार्ड सदस्य सहित अन्य पदों पर भी भविष्य में पार्टी समर्थित प्रत्याशी उतारने की संभावनाओं पर चर्चा की गई।
पार्टी नेताओं ने संगठन के विस्तार के लिए कार्यकर्ताओं से गांव-गांव तक पहुंचने और आम लोगों को जन सुराज की नीतियों से अवगत कराने की अपील की। बैठक में यह संदेश दिया गया कि आगामी पंचायत चुनावों को ध्यान में रखते हुए अभी से संगठनात्मक तैयारी तेज करनी होगी, ताकि जिले के सभी प्रखंडों और पंचायतों में पार्टी की मजबूत उपस्थिति सुनिश्चित की जा सके।