नरवाई प्रबंधन हेतु किसानों एवं बेलर संचालकों के साथ बैठक, ग्राम बज्जरवाड़ा को नरवाई मुक्त ग्राम बनाने का संकल्प
कलेक्टर श्री आशीष वशिष्ठ के निर्देशानुसार माखननगर तहसील के तीन ग्रामों में किसानों, किसान संगठनों एवं कृषि यंत्र संचालकों के बीच समन्वय स्थापित कर नरवाई प्रबंधन के लिए की गई पहल। माखननगर तहसील के ग्राम बज्जरवाड़ा , आजलखेड़ा एवं काजलखेड़ी में नरवाई प्रबंधन को लेकर किसानों, किसान संगठनों के प्रतिनिधियों, जनप्रतिनिधियों ,बेलर संचालकों एवं हार्वेस्टर मालिकों के साथ बैठक आयोजित की गई। ग्राम काजलखेड़ी में आयोजित बैठक में भारतीय किसान मजदूर महासंघ के प्रतिनिधि श्री रमाकांत मीना तथा एवं भारतीय किसान संघ के प्रतिनिधि श्री उदय पांडे उपस्थित रहे। ग्राम पंचायत आंचलखेड़ा एवं बाजारवाड़ा में जनपद सदस्य ,सरपंच एवं अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
बैठकों में किसानों एवं बेलर संचालकों के बीच समन्वय स्थापित कर धान कटाई के उपरांत खेतों में उपलब्ध नरवाई से बेल बनाने तथा उसका समुचित प्रबंधन करने पर सहमति बनाई गई। किसानों को नरवाई नहीं जलाने एवं उपलब्ध संसाधनों का उपयोग कर पर्यावरण अनुकूल प्रबंधन अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। इस दौरान ग्राम बज्जरवाड़ा को खरीफ नरवाई के प्रबंधन करते हुए नरवाई मुक्त ग्राम बनाने का संकल्प भी दिलाया गया।
किसानों ने उपलब्ध संसाधनों एवं आपसी समन्वय से अधिकाधिक खेतों में बेलर मशीनों के माध्यम से नरवाई प्रबंधन सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया, ताकि आगामी फसल की बोनी समय पर की जा सके। बेलर संचालकों को भी चिह्नित ग्रामों में निर्धारित समय-सीमा में अधिकाधिक नरवाई का प्रबंधन करने के निर्देश दिए गए। बेलर संचालक इंदर सिंह राजपूत , संजय पटेल के प्रतिनिधि एवं उद्भव तिवारी के प्रतिनिधि सोमेल तिवारी को कृषकों से समन्वय कर कार्य करने हेतु ग्राम एवं कार्यक्षत्र निर्धारित किया गया ।
साथ ही, हार्वेस्टर मालिकों को हार्वेस्टर का उपयोग निर्धारित मानकों के अनुरूप स्ट्रॉ मैनेजमेंट सिस्टम (SMS) अटैचमेंट के साथ करने के निर्देश दिए गए। निर्धारित नियमों का उल्लंघन करने पर संबंधितों के विरुद्ध नियमानुसार दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन द्वारा किसानों, किसान संगठनों एवं कृषि यंत्र संचालकों के सहयोग से नरवाई जलाने की घटनाओं में कमी लाने तथा फसल अवशेषों के समुचित प्रबंधन हेतु निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
#narmadapuram @CMMadhyaPradesh @DrMohanYadav51 @JansamparkMP