संयुक्त सचिव मुक्ता शेखर ने ग्राम पंचायतों का किया भ्रमण, विकास कार्यों का लिया जायजा
भारत सरकार के पंचायती राज मंत्रालय की संयुक्त सचिव मुक्ता शेखर ने तीन दिवसीय जिले के भ्रमण के दूसरे दिन विभिन्न ग्राम पंचायतों का निरीक्षण कर विकास कार्यों, पंचायत प्रशासन और ग्रामीणों की सहभागिता का जायजा लिया। उन्होंने जिला पंचायत सीईओ हिमांशु जैन से मुलाकात कर संचालित विकास कार्यों और पंचायती राज योजनाओं की समीक्षा भी की।
भ्रमण के दौरान संयुक्त सचिव ने ग्राम पंचायत मघरिया में 15वें वित्त आयोग की राशि से हुए सड़क व नाली निर्माण सहित अन्य विकास कार्यों का अवलोकन किया। सचिव और ग्राम रोजगार सहायक से ग्राम सभा के रजिस्टर और पंचायत अभिलेखों की जानकारी ली तथा सरपंच, पंच व ग्रामीणों से चर्चा की।
इसके बाद वे ग्राम छेड़का पहुंचीं, जहां ग्रामीणों ने तिलक लगाकर पारंपरिक लोकनृत्य से आत्मीय स्वागत किया। लोक परंपराओं से प्रभावित होकर संयुक्त सचिव ने भी लोकनृत्य में सहभागिता की।
छेड़का में उन्होंने होम स्टे का अवलोकन किया और मक्के की रोटी, चटनी व स्थानीय सब्जियों सहित पारंपरिक व्यंजनों का स्वाद लिया। ग्रामीण पर्यटन को बढ़ावा देने और होम स्टे से आजीविका बढ़ाने की संभावनाओं पर भी चर्चा हुई।
इसके बाद ग्राम पंचायत टेकापार का निरीक्षण कर सचिव, सरपंच व ग्रामीणों से विकास कार्यों और स्थानीय आवश्यकताओं की जानकारी ली।
भ्रमण का उद्देश्य पंचायतों में विकास कार्यों की वास्तविक स्थिति, ग्राम सभा की कार्यप्रणाली और ग्रामीणों की सहभागिता का प्रत्यक्ष आकलन करना था।
इस दौरान भोपाल से उपसंचालक सुधीर जैन, मंत्रालय के सलाहकार प्रखर जैन, जिला पंचायत सीईओ हिमांशु जैन, सहायक परियोजना अधिकारी ज्योति साहू, जिला कार्यक्रम प्रबंधक रविन्द्र कुमार शर्मा, जिला पर्यटन समन्वयक मनोज ठाकुर, जिला समन्वयक अरविंद धुर्वे सहित जनपद पंचायत सोहागपुर के सीईओ राम सोनी, एसडीएम बबीता राठौर व अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
#narmadapuram @CMMadhyaPradesh @DrMohanYadav51 @JansamparkMP