*बस्ती में चीनी के दामों में आग: 15 दिन में 8 रुपये उछले, 68 रुपये किलो पहुंची चीनी, DM कृत्तिका ज्योत्स्ना हुईं सख्त - बोलीं- जमाखोरी की तो खैर नहीं*
जनपद बस्ती ,उत्तर प्रदेश 24 अगस्त 2026
बस्ती में आम आदमी की थाली पर महंगाई की मार पड़ने लगी है। खुले बाजार में चीनी के दाम पिछले 15 दिनों में *6 से 8 रुपये प्रति किलो* तक बढ़ गए हैं। जो चीनी पहले 60-62 रुपये में मिल रही थी, वह अब *68 से 70 रुपये किलो* बिक रही है। त्योहारों के सीजन से पहले दामों में इस अचानक उछाल से आम उपभोक्ता परेशान है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए *जिलाधिकारी श्रीमती कृत्तिका ज्योत्स्ना* ने मोर्चा संभाल लिया है। सोमवार को कलेक्ट्रेट में हुई समीक्षा बैठक में डीएम ने अधिकारियों को दो टूक कहा कि *कोई भी व्यापारी चीनी का भंडारण कर जनता को ब्लैकमेल न करने पाए।*
*डीएम कृत्तिका ज्योत्स्ना का सख्त निर्देश -*
1.खुले बाजार और गोदामों में छापेमारी कर स्टॉक की जांच की जाए।
2.कालाबाजारी, जमाखोरी और मुनाफाखोरी करने वाले व्यापारियों पर तत्काल FIR और कड़ी कार्रवाई हो।
3.निर्धारित दर से अधिक पर चीनी बेचने वालों के लाइसेंस निलंबित किए जाएं।
4.जिला पूर्ति और मंडी विभाग रोजाना स्टॉक और रेट की रिपोर्ट दें।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद में चीनी की कोई कमी नहीं है, फिर भी कृत्रिम कमी दिखाकर दाम बढ़ाना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रशासन की प्राथमिकता है कि आम आदमी को उचित दर पर चीनी मिले। बताया जा रहा है कि कुछ बड़े व्यापारियों द्वारा स्टॉक रोकने से दाम बढ़े हैं। डीएम के सख्त रुख के बाद अब व्यापारियों में हड़कंप मचा हुआ है।
*संवाददाता हरी ओम प्रकाश,
राष्ट्रीय हिंदी दैनिक कौटिल्य का भारत*
Basti, Basti | Aug 24, 2026