आईटीआई बरठीं में NDRF ने सिखाए आपदा से बचाव के तरीके, 140 से अधिक प्रशिक्षुओं ने लिया प्रशिक्षण
बिलासपुर। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) बरठीं में 14वीं वाहिनी राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF), जसूर (नूरपुर), जिला कांगड़ा की ओर से एक दिवसीय आपदा प्रबंधन जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में एनडीआरएफ की विशेषज्ञ टीम ने संस्थान के 140 से अधिक प्रशिक्षुओं को आपदा के दौरान जीवन बचाने और घायलों की मदद करने के व्यावहारिक तरीके सिखाए।
सब इंस्पेक्टर दयानंद के नेतृत्व में पहुंची टीम ने भूकंप, बाढ़, भूस्खलन और आग जैसी आपात परिस्थितियों से निपटने की जानकारी दी। भूकंप के दौरान घबराने के बजाय मजबूत टेबल या बेड के नीचे सुरक्षित रहने और खिड़कियों व भारी सामान से दूर रहने के तरीके समझाए गए। वहीं, बाढ़ और भूस्खलन की स्थिति में सुरक्षित ऊंचे स्थानों पर जाने, आपदा किट तैयार रखने और प्रशासन के निर्देशों का पालन करने के बारे में भी बताया गया।
कार्यक्रम के दौरान सीपीआर (CPR) और प्राथमिक चिकित्सा का व्यावहारिक प्रदर्शन किया गया। एनडीआरएफ की टीम ने प्रशिक्षुओं को बेहोश व्यक्ति को आपात स्थिति में सीपीआर देने की प्रक्रिया समझाई और उनसे इसका अभ्यास भी करवाया। इसके अलावा रस्सी, बांस और कंबल की सहायता से अस्थायी स्ट्रेचर तैयार कर घायल व्यक्ति को सुरक्षित स्थान तक पहुंचाने की तकनीक सिखाई गई। आग लगने की स्थिति में धुएं से बचने और आग बुझाने के तरीकों की जानकारी भी दी गई।
इस अवसर पर सब इंस्पेक्टर दयानंद ने कहा कि आपदा कभी बताकर नहीं आती, इसलिए प्रत्येक नागरिक का जागरूक और तैयार रहना जरूरी है। उन्होंने प्रशिक्षुओं से अपील की कि वे आपदा प्रबंधन से सीखी गई तकनीकों का उपयोग जरूरत पड़ने पर स्वयं के साथ-साथ दूसरों की जान बचाने के लिए भी करें। उन्होंने एनडीआरएफ के ध्येय वाक्य 'आपदा सेवा सदैव सर्वत्र' का उल्लेख करते हुए कहा कि बल हर जगह और हर समय मानवता की सेवा के लिए प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम के समापन पर आईटीआई बरठीं के प्रधानाचार्य सचिन शर्मा ने 14वीं वाहिनी एनडीआरएफ के कमांडेंट, सब इंस्पेक्टर दयानंद और उनकी पूरी टीम का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम प्रशिक्षुओं को आपात परिस्थितियों से निपटने में सक्षम बनाने के साथ-साथ समाज में भी आपदा प्रबंधन के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
#Bilaspur #ITIBarthin #NDRF #आपदा_प्रबंधन #हिमाचलप्रदेश #DisasterManagement #UTHimachal #UTNews