एशियन पैरा गेम्स-2026 के स्वर्ण एवं कांस्य पदक विजेता शैलेश कुमार को DM और SP ने किया सम्मानित
जापान के आइची-नागोया में आयोजित एशियन पैरा गेम्स-2026 में शानदार प्रदर्शन कर भारत एवं बिहार के साथ-साथ जमुई जिले का मान बढ़ाने वाले पैरा एथलीट शैलेश कुमार के पैतृक गांव पहुंचकर शनिवार की दोपहर बाद 3:00 बजे DM एवं SP ने उन्हें उनकी ऐतिहासिक उपलब्धि पर हार्दिक बधाई दी तथा जिला प्रशासन की ओर से सम्मानित किया गया। इस अवसर पर जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने उनके माता-पिता, भाई-बहनों एवं अन्य परिजनों से भी मुलाकात की और शैलेश की इस गौरवशाली सफलता के लिए पूरे परिवार को शुभकामनाएं दीं।
गौरतलब हो कि शैलेश कुमार ने एशियन पैरा गेम्स-2026 की पुरुषों की ऊंची कूद स्पर्धा में 1.89 मीटर की शानदार छलांग लगाकर स्वर्ण पदक जीतने के साथ नया गेम्स रिकॉर्ड स्थापित किया। वहीं, लंबी कूद स्पर्धा में 5.57 मीटर की छलांग लगाकर कांस्य पदक अपने नाम किया। उनकी इस दोहरी सफलता ने जमुई को अंतरराष्ट्रीय खेल मानचित्र पर नई पहचान दिलाई है।
इस अवसर पर जिला पदाधिकारी ने कहा कि शैलेश कुमार की यह दोहरी सफलता उनकी वर्षों की कड़ी मेहनत, अनुशासन, संघर्ष और परिवार के निरंतर सहयोग का परिणाम है, जो यह प्रमाणित करती है कि दृढ़ इच्छाशक्ति और अथक परिश्रम के सामने कोई भी परिस्थिति बाधा नहीं बन सकती। आगे उन्होंने कहा कि जमुई की मिट्टी में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, और जिला प्रशासन सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को तराशने तथा उन्हें आगे बढ़ाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे अपनी ऊर्जा का सकारात्मक उपयोग खेल, शिक्षा और रचनात्मक गतिविधियों में कर देश-दुनिया में जिले का नाम रोशन करें।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने भी शैलेश कुमार को उनकी शानदार उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि शैलेश की सफलता युवाओं के लिए अनुकरणीय उदाहरण है। उन्होंने उपस्थित ग्रामीणों एवं बच्चों से अपील की कि वे नशे से दूर रहें, अनुशासित जीवनशैली अपनाएं तथा अपनी ऊर्जा और क्षमता का उपयोग परिवार, समाज एवं देश के मान-सम्मान को बढ़ाने में करें। #goldmedal #dmjamui #spjamui #kheloindia
Jamui, Jamui | Nov 4, 2026