हिनैनी माता के आशीर्वाद से शुरू हुआ जिला स्तरीय तियारी छिंज मेला, सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां, जिला परिषद खणी वार्ड सुभाष चंद ने बतौर मुख्य अतिथि की शिरकत
हिमाचल 84 टीवी ब्यूरो भरमौर।
जिला स्तरीय तियारी छिंज मेले के दूसरे दिन क्षेत्र में उत्साह और श्रद्धा का माहौल देखने को मिला। मेले में खणी वार्ड के जिला परिषद सदस्य सुभाष चंद ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत कर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। मेले की विधिवत शुरुआत हिनैनी माता की पूजा-अर्चना एवं पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ की गई, जिसके बाद विभिन्न सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन हुआ।
तीन दिनों तक चलने वाले इस जिला स्तरीय मेले में स्थानीय कलाकारों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जा रही हैं, जिनका लोगों ने भरपूर आनंद लिया। मेले में बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों के साथ-साथ दूरदराज क्षेत्रों से आए श्रद्धालुओं और दर्शकों की भी उपस्थिति रही। पारंपरिक लोक संस्कृति, खेलकूद गतिविधियों और छिंज प्रतियोगिताओं के माध्यम से मेले ने क्षेत्र में विशेष आकर्षण पैदा किया है।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि सुभाष चंद ने कहा कि मेले हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और लोक परंपराओं के प्रतीक हैं। ऐसे आयोजन न केवल लोगों को आपस में जोड़ते हैं, बल्कि नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति, रीति-रिवाजों और परंपराओं से परिचित कराने का भी महत्वपूर्ण कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में आयोजित होने वाले मेले सामाजिक समरसता और भाईचारे को मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने आयोजन समिति को सफल आयोजन के लिए बधाई देते हुए कहा कि भविष्य में भी ऐसे सांस्कृतिक आयोजनों को बढ़ावा देने के लिए हर संभव सहयोग दिया जाएगा। मेले के आगामी दिनों में भी विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों और छिंज मुकाबलों का आयोजन किया जाएगा, जिसका लोगों को बेसब्री से इंतजार है।