कल्हेल पुल के नीचे युवक का शव मिलने से सनसनी, परिजनों ने किया चक्का जाम।
हिमाचल 84 टीवी चुराह/चंबा।
चंबा-तीसा मुख्य मार्ग पर स्थित कल्हेल पुल के नीचे रविवार को एक युवक का शव बरामद होने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान हरविन्द्र सिंह (25) पुत्र ऋषि निवासी गांव राख मलोगा, डाकघर कल्हेल, तहसील चुराह, जिला चंबा के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार स्थानीय लोगों ने पुल के नीचे एक युवक का शव पड़ा देखा, जिसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। बाद में शव की पहचान हरविन्द्र सिंह के रूप में हुई।
घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन और ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए। परिजनों ने युवक की मौत को संदिग्ध बताते हुए मामले की निष्पक्ष एवं गहन जांच की मांग उठाई। आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने कुछ समय के लिए चंबा-तीसा मुख्य मार्ग पर चक्का जाम कर दिया, जिससे यातायात प्रभावित हुआ। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से मामले की सच्चाई सामने लाने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की।
पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर परिजनों को निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया, जिसके बाद चक्का जाम समाप्त किया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मौत के कारणों का पता लगाने के लिए विभिन्न पहलुओं से जांच शुरू कर दी है।
फिलहाल युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा।