दुर्गा पूजा एवं दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से आज दिनांक 16.10.2026 को जिला मुख्यालय सासाराम स्थित मल्टीपर्पस हॉल में जिला पदाधिकारी, रोहतास श्री दीपक मिश्रा की अध्यक्षता में प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों की ब्रीफिंग आयोजित की गई। जिसमें सभी अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, संबंधित दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान विधि-व्यवस्था संधारण, भीड़ प्रबंधन, यातायात नियंत्रण, अग्निशमन व्यवस्था, विसर्जन स्थलों की सुरक्षा तथा आमजन की सुविधाओं को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जिला पदाधिकारी द्वारा सभी प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारियों को पूरी सजगता, सतर्कता एवं सक्रियता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि सभी पदाधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमणशील रहकर पूजा-पंडालों, विसर्जन स्थलों, विसर्जन मार्गों एवं अन्य भीड़भाड़ वाले स्थानों का भौतिक सत्यापन करें तथा आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें। सभी अनुमंडल पदाधिकारियों एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों को नियमित निरीक्षण एवं सतत अनुश्रवण करने तथा बिना सक्षम अनुमति के मुख्यालय नहीं छोड़ने का निर्देश दिए गए।
पूजा-पंडालों एवं संवेदनशील स्थलों पर पर्याप्त संख्या में सीसीटीवी कैमरे लगाने, सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली को क्रियाशील रखने, अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने, आवश्यकतानुसार चेकपोस्ट स्थापित करने तथा पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और बैरिकेडिंग करने पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही, यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने, बाइकर्स की गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखने तथा असामाजिक एवं उपद्रवी तत्वों के विरुद्ध निरोधात्मक कार्रवाई करने का निर्देश दिए गए।
जिला पदाधिकारी ने पूजा-पंडालों एवं विसर्जन के दौरान शांति समिति के सदस्यों को सक्रिय रखने तथा प्रशासन और पुलिस के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने को कहा। विसर्जन स्थलों पर पर्याप्त बैरिकेडिंग, समुचित प्रकाश व्यवस्था एवं प्रशिक्षित गोताखोरों की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया गया। इसके अतिरिक्त, दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों की टैगिंग सटीक रूप से करने तथा संबंधित पंजी का संधारण सुनिश्चित करने को कहा गया। सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों को भीड़ नियंत्रण एवं यातायात संचालन के लिए सक्रिय रहने का निर्देश दिए गए।
सोशल मीडिया की सतत निगरानी करने तथा भ्रामक, आपत्तिजनक एवं अफवाह फैलाने वाली सामग्री के प्रसार पर विशेष नजर रखने का निर्देश दिए गए। किसी भी अफवाह अथवा संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने पर त्वरित कार्रवाई करने तथा संवेदनशील क्षेत्रों में आवश्यकतानुसार ड्रोन के माध्यम से निगरानी सुनिश्चित करने को कहा गया।
बताया गया कि दुर्गा पूजा के अवसर पर पर्याप्त पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है तथा पूजा-पंडालों के आसपास पुलिस के जवान तैनात रहेंगे। सर्वोच्च न्यायालय के आदेशों के अनुरूप डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध का अनुपालन सुनिश्चित कराने तथा सभी जुलूसों के लिए वैध लाइसेंस अनिवार्य होने की बात कही गई। यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए आवश्यकतानुसार वन-वे, टू-वे एवं डायवर्जन की व्यवस्था की जाएगी। इसकी सूचना मीडिया एवं सोशल मीडिया के माध्यम से आमजन को दी जाएगी। साथ ही, पूजा-पंडालों के आकार के अनुरूप पर्याप्त संख्या में स्वयंसेवकों की तैनाती, महिला एवं पुरुष श्रद्धालुओं के लिए प्रवेश और निकास के अलग-अलग मार्ग तथा आगजनी की घटनाओं से निपटने के लिए बालू एवं पानी से भरे ड्रम की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिए गए।
जिला पदाधिकारी ने कहा कि किसी भी अप्रिय घटना की सूचना तत्काल प्रशासन एवं पुलिस को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई कर स्थिति को नियंत्रित किया जा सके। उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों एवं पूजा समिति के सदस्यों से आपसी समन्वय के साथ कार्य करने की अपील की। आमजन की सुविधा एवं आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित कार्रवाई के लिए समाहरणालय में जिला नियंत्रण कक्ष की स्थापना की गई है। जिला नियंत्रण कक्ष के दूरभाष नंबर 06184-226072 एवं 06184-226093 हैं। जिले के नागरिक किसी भी प्रकार की सूचना, शिकायत अथवा आवश्यक जानकारी इन नंबरों पर दे सकते हैं। जिला नियंत्रण कक्ष के वरीय प्रभार में उप विकास आयुक्त, रोहतास सुश्री आकांक्षा आनंद रहेंगी।
विधि-व्यवस्था संधारण के लिए करीब 500 दंडाधिकारी एवं 500 पुलिस पुलिस पदाधिकारी की प्रतिनियुक्ति की गई है। पालीवार गश्ती दल लगातार भ्रमणशील रहकर स्थिति पर नजर रखेंगे। संबंधित अनुमंडल पदाधिकारी एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अपने-अपने क्षेत्रांतर्गत विधि-व्यवस्था के संपूर्ण प्रभार में रहेंगे। वहीं, जिले में विधि-व्यवस्था के संपूर्ण प्रभार में अपर समाहर्ता-सह-अपर जिला दंडाधिकारी, रोहतास रहेंगे।
त्योहार के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए सिविल सर्जन, रोहतास को सदर अस्पताल, अनुमंडलीय अस्पतालों एवं प्रखंड स्तरीय अस्पतालों में 24 घंटे आपातकालीन चिकित्सा सेवा उपलब्ध रखने का निर्देश दिए गए। साथ ही, एंबुलेंस, आवश्यक जीवनरक्षक दवाओं एवं चिकित्सकों की समुचित प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करने को कहा गया। वहीं, कार्यपालक अभियंता, विद्युत विभाग को विसर्जन मार्गों पर जर्जर एवं लटकते तारों, नंगे तारों तथा झुके या टेढ़े विद्युत पोलों को शीघ्र दुरुस्त करने का निर्देश दिया गया।
जिला पदाधिकारी ने लोगों से शांति, सौहार्द एवं आपसी भाईचारे के साथ पर्व मनाने तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
#IPRD
#Durgapuja
#BiharGovernment
#PublicService
#CMSamrat
Patna, Bihar | Oct 16, 2026