#बालाघाट
क्षीरधारा ग्राम योजना के तहत गोंगलई में पशुपालकों को विभागीय योजनाओं की दी जानकारी,
29 जून को लगेगा विशेष पशु स्वास्थ्य शिविर
पशुपालन विभाग द्वारा संचालित क्षीरधारा ग्राम योजना के प्रभावी क्रियान्वयन एवं पशुपालकों तक विभागीय योजनाओं का लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से 27 जून 2026 को विकासखंड बालाघाट के ग्राम गोंगलई में उपसंचालक पशुपालन विभाग डॉ. अरुण नेमा ने क्षेत्रीय भ्रमण एवं निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ग्राम पंचायत के जनप्रतिनिधियों, किसानों एवं पशुपालकों से संवाद कर विभागीय योजनाओं की जानकारी दी तथा पशुपालन को अधिक लाभकारी बनाने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया।
भ्रमण के दौरान डॉ. नेमा ने ग्राम पंचायत में सरपंच, सचिव एवं अन्य जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर क्षीरधारा ग्राम योजना की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने पात्र पशुपालकों को योजनाओं से जोड़ने, दुग्ध उत्पादन बढ़ाने तथा पशुपालकों की आय में वृद्धि सुनिश्चित करने के लिए ग्राम पंचायत स्तर पर सक्रिय सहयोग देने के निर्देश दिए। साथ ही विभागीय योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार पर भी जोर दिया।
उन्होंने किसानों एवं पशुपालकों को वैज्ञानिक पशुपालन, सेक्स सॉर्टेड सीमेन के उपयोग, संतुलित पशु आहार, हरे चारे का उत्पादन, कृत्रिम गर्भाधान, नियमित टीकाकरण, कृमिनाशन, पशु स्वास्थ्य प्रबंधन एवं स्वच्छ दुग्ध उत्पादन की विस्तृत जानकारी दी। इस दौरान पशुपालकों की समस्याओं एवं सुझावों को भी गंभीरता से सुना गया।
निरीक्षण के दौरान डॉ. नेमा ने विभिन्न पशुपालकों के घरों का भ्रमण कर पशुओं की स्वास्थ्य स्थिति, पोषण, आवास व्यवस्था एवं स्वच्छता का जायजा लिया। इसी क्रम में समुन्नत योजना के अंतर्गत श्री बबलू पटले को प्रदाय किए गए मुर्रा नर सांड का भौतिक सत्यापन किया गया तथा उसके रखरखाव एवं उपयोग की समीक्षा कर आवश्यक सुझाव दिए गए।
उप संचालक डॉ. नेमा ने विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि सभी हितग्राहियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं तथा योजनाओं की नियमित फील्ड मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए।
भ्रमण के दौरान पशुपालकों ने ग्राम में पशु स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने की मांग रखी, जिस पर उपसंचालक डॉ. नेमा ने 29 जून 2026 को ग्राम गोंगलई में विशेष पशु स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाने की घोषणा की। उन्होंने पशुपालकों से अधिक से अधिक संख्या में अपने पशुओं के साथ शिविर में उपस्थित होकर उपचार, टीकाकरण, कृमिनाशन एवं तकनीकी परामर्श जैसी सेवाओं का लाभ लेने का आग्रह किया।
इस अवसर पर डॉ. बादल पटले (विकासखंड नोडल अधिकारी), डॉ. पूजा धुर्वे (ग्राम नोडल अधिकारी) एवं श्रीमती छबी गोरमारे (सहायक पशु चिकित्सा क्षेत्राधिकारी) सहित विभागीय अधिकारी-कर्मचारी, ग्राम पंचायत के जनप्रतिनिधि, पशुपालक एवं बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे। पशुपालन विभाग ने भविष्य में भी नियमित निरीक्षण, जनजागरूकता कार्यक्रम एवं स्वास्थ्य शिविरों के माध्यम से पशुपालकों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने का संकल्प दोहराया।
#CMMadhyaPradesh #mp_husbandry #JansamparkMP
3 views | Balaghat, Madhya Pradesh | Jun 27, 2026