*तिरला में विधिक साक्षरता शिविर आयोजित, ग्रामीणों और विद्यार्थियों को दी कानूनों की जानकारी*
*धार, 27 नवम्बर 2026।* मध्य प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के निर्देशानुसार एवं प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की अध्यक्ष श्रीमती ममता जैन के मार्गदर्शन में 27 नवंबर 2026 को ग्राम पंचायत तिरला एवं शासकीय माध्यमिक विद्यालय तिरला में विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। ग्राम पंचायत भवन में आयोजित शिविर में जिला न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव श्री रामसहारे राज तथा अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट श्री धर्म कुमार ने ग्रामीणजनों को नालसा (आशा) योजना-2025 के अंतर्गत संचालित 100 दिवसीय बाल विवाह मुक्त भारत अभियान की जानकारी देते हुए बाल विवाह के दुष्परिणामों से अवगत कराया। साथ ही निःशुल्क विधिक सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया, महिला एवं बच्चों के अधिकार, नशे के दुष्परिणाम, बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम तथा महिलाओं की सुरक्षा से संबंधित कानूनों की जानकारी दी गई। इस अवसर पर उपस्थितजनों को नशामुक्ति की शपथ भी दिलाई गई।
इसी क्रम में शासकीय माध्यमिक विद्यालय तिरला में आयोजित शिविर में विद्यार्थियों को नालसा योजना-2025, गुड टच-बैड टच, नालसा बाल अनुकूल कानूनी सेवाएं योजना-2024 तथा साइबर सुरक्षा के संबंध में जागरूक किया गया। विद्यार्थियों को बढ़ते ऑनलाइन फ्रॉड एवं साइबर अपराधों से बचने के उपाय बताए गए तथा आवश्यकता पड़ने पर नालसा की टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 15100 पर संपर्क करने की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में ग्राम पंचायत तिरला के सरपंच, जनप्रतिनिधिगण, बड़ी संख्या में ग्रामीणजन, शासकीय माध्यमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक श्री अंतरसिंह परमार, शिक्षकगण एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
Collector Office Dhar CM Madhya Pradesh Indore Commissioner Jansampark Madhya Pradesh