दमोह की जया रैकवार बनीं राष्ट्रीय ताइक्वांडो रेफरी, जिले का नाम किया रोशन
दमोह। ताइक्वांडो खेल के क्षेत्र में दमोह जिले ने एक और उपलब्धि हासिल की है। जिले की जया रैकवार ने राष्ट्रीय रेफरी (National Referee) की उपाधि प्राप्त कर न केवल जिले बल्कि पूरे मध्य प्रदेश का नाम गौरवान्वित किया है।
यह सफलता उन्हें छत्तीसगढ़ में आयोजित राष्ट्रीय ताइक्वांडो रेफरी सेमिनार एवं परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन के बाद प्राप्त हुई। इस राष्ट्रीय स्तर के आयोजन में देशभर से चयनित प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया, जहां जया रैकवार ने सभी निर्धारित मानकों को सफलतापूर्वक पूर्ण करते हुए यह उपलब्धि हासिल की।
उनकी इस सफलता के पीछे उनके प्रशिक्षक एवं मार्गदर्शक दमोह निवासी नीरज दुबे का विशेष योगदान रहा है। उनके कुशल प्रशिक्षण एवं निरंतर मार्गदर्शन के चलते जया रैकवार सहित अकादमी के अन्य खिलाड़ियों ने भी इस राष्ट्रीय आयोजन में भाग लेकर अपने कौशल का प्रदर्शन किया।
इस उपलब्धि पर अकादमी परिवार, खेल प्रेमियों एवं क्षेत्रवासियों में हर्ष का माहौल है। सभी ने जया रैकवार एवं प्रशिक्षक नीरज दुबे को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
Damoh, Damoh | Jun 9, 2026