मानपुर देवड़ा स्कूल में सात दिवसीय विशेष एनएसएस शिविर का शुभारंभ: चौहान
देशआदेश, मानपुर देवड़ा।
शहीद सोहन सिंह मेमोरियल राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला मानपुर देवड़ा में आज मंगलवार, को राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के सात दिवसीय विशेष शिविर का शुभारंभ किया गया। शिविर का विधिवत शुभारंभ स्थानीय पंचायत के प्रधान नरेंद्र पाल ने किया।
इस अवसर पर स्थानीय पंचायत के उपप्रधान बिपिन चंद्र शर्मा तथा बीडीसी सदस्य टोनी विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान प्रधान नरेंद्र पाल ने विद्यार्थियों को स्वच्छता एवं व्यक्तिगत हाइजीन के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
उन्होंने विद्यार्थियों को स्वच्छ वातावरण बनाए रखने तथा अपने आसपास साफ-सफाई रखने के लिए प्रेरित किया।
प्रधान ने विद्यार्थियों के साथ मोबाइल फोन के बढ़ते इस्तेमाल और इसके दुष्परिणामों पर भी चर्चा की।
उन्होंने कहा कि मोबाइल का आवश्यकता से अधिक इस्तेमाल विद्यार्थियों की पढ़ाई, स्वास्थ्य और दिनचर्या पर प्रतिकूल प्रभाव डाल सकता है। इसके साथ ही उन्होंने नशे के दुष्परिणामों के बारे में जागरूक करते हुए विद्यार्थियों से नशे से दूर रहने का आह्वान किया।
उन्होंने विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ खेल गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि खेलों से विद्यार्थियों का शारीरिक एवं मानसिक विकास होता है और उनमें अनुशासन, आत्मविश्वास तथा टीम भावना विकसित होती है।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्रधानाचार्य अनिल नागवाल ने मुख्यातिथि पंचायत प्रधान नरेंद्र पाल सहित सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने NSS स्वयंसेवकों से शिविर के दौरान पूरी निष्ठा एवं अनुशासन के साथ सामाजिक गतिविधियों में भाग लेने का आह्वान किया।