लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती पर पंचकूला पुलिस ने मनाया राष्ट्रीय एकता दिवस, सभी थाना, चौकी एवं कार्यालयों में पुलिसकर्मियों ने लिया देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने का संकल्प
एकतानगर, गुजरात में आयोजित राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह का पंचकूला पुलिस ने देखा लाइव प्रसारण, एकता परेड और भारत पर्व के माध्यम से दिया राष्ट्रीय एकता एवं देशभक्ति का संदेश
पंचकूला/ 31 अक्टूबर:- देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता को बनाए रखने तथा राष्ट्रीय एकजुटता की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से आज पंचकूला पुलिस द्वारा लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया गया। इस अवसर पर पंचकूला के सभी थाना, पुलिस चौकियों एवं कार्यालयों में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने की शपथ ली। साथ ही गुजरात के एकतानगर में आयोजित राष्ट्रीय एकता दिवस के भव्य समारोह का लाइव प्रसारण भी पुलिसकर्मियों द्वारा देखा गया।
डीसीपी पंचकूला आईपीएस अदिति सिंह के अनुसार, 31 अक्टूबर को सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती को राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाया जाता है। इसी क्रम में पंचकूला पुलिस के सभी थाना, चौकी एवं कार्यालयों में विशेष कार्यक्रम आयोजित कर पुलिसकर्मियों को राष्ट्रीय एकता, सामाजिक सद्भाव और देश की आंतरिक सुरक्षा के प्रति उनकी जिम्मेदारियों का स्मरण करवाया गया। इस दौरान सभी पुलिसकर्मियों ने देश की एकता और अखंडता को बनाए रखने तथा राष्ट्र की सुरक्षा के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर गुजरात के एकतानगर में आयोजित राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रम का लाइव प्रसारण भी दिखाया गया, जिसमें भव्य एकता परेड, एकता प्रकाश पर्व और भारत पर्व सहित विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से देश की सांस्कृतिक विविधता, देशभक्ति और राष्ट्रीय एकजुटता का संदेश दिया गया। पंचकूला पुलिस के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने इन कार्यक्रमों को देखा और सरदार वल्लभभाई पटेल के राष्ट्र निर्माण में दिए गए योगदान को याद किया।
पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल का जीवन और उनके विचार हमें राष्ट्र की एकता, अखंडता और सामूहिक शक्ति का महत्व समझाते हैं। उन्होंने देश की विभिन्न रियासतों को एक सूत्र में पिरोकर मजबूत और एकजुट भारत के निर्माण में ऐतिहासिक भूमिका निभाई। राष्ट्रीय एकता दिवस हमें उनके आदर्शों को अपने जीवन और कार्यशैली में अपनाने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि पुलिस बल का दायित्व केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखना ही नहीं, बल्कि समाज में शांति, सौहार्द और सुरक्षा का वातावरण सुनिश्चित करना भी है। पंचकूला पुलिस राष्ट्र की एकता, अखंडता और आंतरिक सुरक्षा बनाए रखने के लिए सदैव प्रतिबद्ध है।