खाजूवाला में सिंचाई पानी की मांग को लेकर किसानों का आंदोलन तेज ,
पंचायतराज चुनाव के बहिष्कार का ऐलान
बीकानेर । बीकानेर जिले के खाजूवाला कस्बे में सिंचाई पानी की मांग को लेकर किसानों का आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है। किसानों ने अब अपनी मांगों के समर्थन में बड़ा फैसला लेते हुए आगामी पंचायतराज चुनाव के बहिष्कार का ऐलान किया है। इसी क्रम में 8केवाईडी एवं ३पीडब्ल्यूएम ग्राम पंचायतों के किसानों ने चुनाव बहिष्कार को लेकर उपखण्ड कार्यालय खाजूवाला पहुंचकर प्रदर्शन किया और प्रशासन को ज्ञापन सौंपा।
किसानों ने कहा कि क्षेत्र में सिंचाई पानी की समस्या का जब तक समाधान नहीं किया जाता, तब तक वे पंचायतराज चुनाव में मतदान नहीं करेंगे। किसानों ने स्पष्ट किया कि उनकी मांगों को लेकर गांव-गांव बैठकों का दौर भी जारी है तथा चुनाव बहिष्कार को लेकर ग्रामीणों को लामबंद किया जा रहा है। किसानों की प्रमुख मांगों में चार में से दो समूहों में सिंचाई पानी देने, छह माह का एक साथ रेगुलेशन जारी करने तथा खरीफ फसल खराबे का मुआवजा देने की मांग शामिल है।
किसानों ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि इन मांगों का समाधान नहीं हुआ तो पंचायतराज चुनाव में मतदान का बहिष्कार किया जाएगा। आंदोलन के तहत किसानों द्वारा लगातार प्रदर्शन और बैठकों का आयोजन किया जा रहा है। सिंचाई पानी की मांग को लेकर खाजूवाला क्षेत्र में किसानों के आंदोलन के बीच चुनाव बहिष्कार के ऐलान से प्रशासन की चिंता बढ़ गई है।