देहरादून-जॉली ग्रांट हवाई अड्डे पर विपक्ष के नेता राहुल गांधी का भव्य स्वागत, कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह
देहरादून/रुड़की:उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के जॉली ग्रांट हवाई अड्डे पर उस समय भारी राजनीतिक हलचल और उत्साह देखने को मिला, जब देश के नेता प्रतिपक्ष (नेता विपक्ष) राहुल गांधी वहां पहुंचे। उनके आगमन पर कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, स्थानीय विधायकों और सैकड़ों की संख्या में आए कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों और गगनभेदी नारों के साथ उनका बेहद भव्य और गर्मजोशी से स्वागत किया। हवाई अड्डे के बाहर और भीतर सुरक्षा के पुख्ता इंतजामों के बीच कांग्रेसियों का हुजूम अपने शीर्ष नेता की एक झलक पाने के लिए बेताब दिखा।इस महत्वपूर्ण अवसर पर राहुल गांधी की अगवानी करने के लिए रुड़की जिला अध्यक्ष राजेंद्र चौधरी, भगवानपुर विधानसभा क्षेत्र की वरिष्ठ विधायक ममता राकेश और कलियर विधानसभा क्षेत्र के लोकप्रिय विधायक फुरकान अहमद मुख्य रूप से मौजूद रहे। इन प्रमुख नेताओं के साथ भारी संख्या में पहुंचे कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी को फूलों के गुलदस्ते भेंट किए और शॉल ओढ़ाकर देवभूमि उत्तराखंड में उनका अभिनंदन किया।