मसूरी में सेवा, सुशासन एवं समर्पण अभियान के तहत 33 विभाग एक छत के नीचे, मंत्री गणेश जोशी ने सुनी फरियादें; भिलाडू स्टेडियम निर्माण का रास्ता साफ
मसूरी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सरकार के सेवा, सुशासन एवं समर्पण अभियान के तहत राधा-कृष्ण मंदिर में सोमवार को आयोजित बहुउद्देशीय सेवा शिविर में 33 विभागों ने एक ही स्थान पर सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ लोगों को दिया। शिविर का उद्घाटन कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी और पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी ने किया। इस दौरान मंत्री ने स्वयं लोगों की समस्याएं सुनकर कई मामलों का मौके पर ही निस्तारण कराया तथा अधिकारियों को जनता के कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए। शिविर में पेंशन, आयुष्मान कार्ड, आधार, राशन कार्ड, प्रमाण पत्र, रोजगार, बैंक ऋण, किसान योजनाओं सहित विभिन्न सरकारी सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने शिविर का लाभ उठाया।
गणेश जोशी ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में सरकार ने पांच वर्षों में यूसीसी, नकल विरोधी और धर्मांतरण विरोधी जैसे ऐतिहासिक फैसले लिए हैं तथा करीब 34 हजार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराया है। उन्होंने कहा कि सरकार जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं का समाधान कर रही है और ऐसे सेवा शिविर आगे भी आयोजित किए जाएंगे। मंत्री ने मसूरी के लिए बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि बिलाडू स्टेडियम निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। वन विभाग से एनओसी मिल चुकी है और जल्द निर्माण कार्य शुरू होगा। वहीं भाजपा के नए प्रदेश अध्यक्ष सौरभ बहुगुणा को शुभकामनाएं देते हुए उन्होंने कहा कि युवा नेतृत्व से संगठन और मजबूत होगा।
#ganesh ,#mussoorie,#uttrakhand,#cmuttrakhkhand
Mussoorie, Dehradun | Jul 13, 2026