बड़ी खैरी वार्ड 15 में सीवर ओवरफ्लो से पेयजल संदूषण का खतरा
लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग ने लिए जल नमूने
विकासखंड मंडला के ग्राम पंचायत बड़ी खैरी के वार्ड क्रमांक 15 में सीवर लाइन से अपशिष्ट जल रिसाव और पेयजल पाइप लाइन के पास से गुजरने की शिकायत पर लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, खंड मंडला ने स्थल निरीक्षण किया। निरीक्षण में पाया गया कि नगर पालिका द्वारा निर्मित सीवर लाइन में जल ओवरफ्लो होने से अपशिष्ट जल नाली में बह रहा है। इसी नाली के ऊपर से बिछाई गई पेयजल पाइप लाइन के कुछ घरेलू नल कनेक्शन के जॉइंट पूरी तरह जलरोधी नहीं पाए गए। इससे सीवर युक्त दूषित जल के पेयजल में मिलने की आशंका जताई गई है।
संभावित प्रदूषण को देखते हुए विभागीय अधिकारियों ने वार्ड 15 के चार परिवारों के घरों से पेयजल के नमूने एकत्र कर परीक्षण के लिए भेजे हैं। ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों को सभी नल कनेक्शन के जॉइंट की तत्काल मरम्मत कराने और जल प्रदाय वॉल्व के पास पक्का चैंबर बनाने के निर्देश दिए गए हैं। सीवर लाइन निर्माण एजेंसी श्री राम कंस्ट्रक्शन, ग्वालियर के ऑपरेटर श्री संजू उपाध्याय को ओवरफ्लो की समस्या का तत्काल निराकरण करने को कहा गया।
जनस्वास्थ्य सुरक्षा के लिए विभाग ने प्रभावित क्षेत्र के नागरिकों को जल शोधन के लिए जर्मेक्स का वितरण किया और इसके सुरक्षित उपयोग की जानकारी दी। निरीक्षण के दौरान सहायक यंत्री श्री विनेश उइके, जिला सलाहकार श्री एस.एस. श्रीवास्तव, सरपंच श्रीमती सीमा गोटियां और सचिव श्री उमेश बैरागी उपस्थित रहे। विभाग ने एजेंसी और पंचायत को सुधार कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं।
Jansampark Madhya Pradesh
CM Madhya Pradesh
#mandla
Department of Public Health Engineering, Madhya Pradesh
26 views | Mandla, Madhya Pradesh | Jun 14, 2026