प्रेस नोट-3: पानीपत पुलिस
दिनांक: 29 नवम्बर 2026
वाहन चोरी गिरोह का पर्दाफाश: एवीटी सेल ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया, चोरी की 6 वारदातों का खुलासा, चोरी की बाइक, वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल, 5 कट्टों में कटे हुए पार्ट्स व ₹6,500 नकद बरामद
पानीपत, 29 नवम्बर।
जिले में वाहन चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने और चोरी के वाहनों को काटकर बेचने वाले गिरोहों का पर्दाफाश करने के लिए पुलिस अधीक्षक श्रीमती मेधा भूषण (आईपीएस) के कुशल मार्गदर्शन में पानीपत पुलिस लगातार प्रभावी कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में एंटी व्हीकल थेफ्ट (एवीटी) सेल पानीपत की टीम ने शिवाजी स्टेडियम के पास से चोरी हुई मोटरसाइकिल की गुत्थी को सुलझाते हुए वाहन चोरी गिरोह के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहित कुमार निवासी गांव बाबापुर, रोहित निवासी गांव जलालपुर प्रथम हाल निवासी कुलदीप नगर पानीपत तथा मोनू उर्फ मोनी निवासी गांव जाटल हाल निवासी गांव बाबापुर के रूप में हुई है।
गहन पूछताछ में इस वारदात के अलावा 5 अन्य वारदातों का हुआ खुलासा, दो आरोपियों को भेजा जेल और एक को 2 दिन के रिमांड पर लिया
मामले की जानकारी देते हुए एवीटी सेल प्रभारी उप निरीक्षक राकेश ने बताया कि पुलिस टीम ने गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को चोरी की गई स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल सहित मौके पर काबू किया। आरोपियों से गहनता से पूछताछ करने पर इस वारदात के अलावा वाहन चोरी की 5 अन्य वारदातों का भी खुलासा हुआ।
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस टीम ने वारदात में इस्तेमाल की गई एक अन्य मोटरसाइकिल, 5 कट्टों में भरी मोटरसाइकिलों के कटे हुए पार्ट्स तथा आरोपी रोहित से ₹3,000 व आरोपी मोनू से ₹3,500 नकद बरामद किए हैं। पूछताछ के बाद आरोपी रोहित व मोनू उर्फ मोनी को माननीय अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया, जबकि आगे की गहन पूछताछ व अन्य साथियों की गिरफ्तारी के लिए आरोपी मोहित को माननीय अदालत में पेश करके 2 दिन का पुलिस रिमांड लिया गया है।
क्या था पूरा मामला
प्रकरण के अनुसार, हरी नगर गंगाराम कॉलोनी निवासी अनिल कुमार ने शिकायत दी थी कि वह अपनी स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल लेकर दशहरा मेला देखने शिवाजी स्टेडियम आया था और बाइक को बैंक के पास खड़ा किया था। कुछ देर बाद वापस लौटने पर उसकी बाइक चोरी मिली। शिकायत पर थाना मॉडल टाउन में चोरी का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
Israna, Panipat | Nov 29, 2026