एसपी मेडिकल हॉल पर ड्रग्स विभाग की कार्रवाई, 113 प्रकार की औषधियां जब्त, छह के नमूने लिए
वाराणसी। जंसा थाना क्षेत्र के देवता तालाब, कुरौना बाजार के समीप संचालित एसपी मेडिकल हॉल पर शुक्रवार दोपहर करीब एक बजे ड्रग्स विभाग की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर कार्रवाई की। इस दौरान टीम ने 113 प्रकार की औषधियां जब्त कीं, जबकि छह प्रकार की दवाओं के नमूने जांच के लिए लिए गए।
कार्रवाई में वाराणसी, जौनपुर और भदोही के ड्रग्स विभाग के अधिकारी शामिल रहे। मौके पर पहुंचे ड्रग इंस्पेक्टर जौनपुर रजत कुमार ने बताया कि एसपी मेडिकल हॉल बिना लाइसेंस के संचालित किए जाने की सूचना मिली थी। इसी के आधार पर तीनों जनपदों की संयुक्त टीम ने मेडिकल हॉल पर पहुंचकर जांच और कार्रवाई शुरू की।
उन्होंने बताया कि कार्रवाई के दौरान कुल 113 प्रकार की औषधियां जब्त की गई हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब पांच लाख रुपये बताई गई है। इसके अलावा छह प्रकार की दवाओं के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे गए हैं।
ड्रग इंस्पेक्टर के अनुसार, नमूनों की जांच रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। ड्रग्स विभाग की इस कार्रवाई से क्षेत्र में मेडिकल स्टोर संचालकों के बीच हलचल मची रही।
#letestअपडेट #LetestUpdate #UPNews #LETESTNEWS 👇👇
Rajatalab, Varanasi | Oct 31, 2026