खड़गे की सभा के बाद ‘शुद्धिकरण’ का मामला गरमाया, पौड़ी में कांग्रेस ने उठाई गिरफ्तारी की मांग
पौड़ी। हल्द्वानी के रामलीला मैदान में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष और राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की जनसभा के बाद कथित ‘शुद्धिकरण’ का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। जिला कांग्रेस कमेटी पौड़ी ने इस मामले में पुलिस को शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है।
जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विनोद सिंह नेगी की ओर से पुलिस को दी गई शिकायत में आरोप लगाया गया है कि 8 अगस्त 2026 को हल्द्वानी के रामलीला मैदान में कांग्रेस की जनसभा आयोजित हुई थी, जिसमें मल्लिकार्जुन खड़गे शामिल हुए थे। कांग्रेस का आरोप है कि इसके दो दिन बाद, 10 अगस्त को गिरीश चंद्र पांडेय, राम धर्मार्थ सेवा न्यास के अध्यक्ष और करीब 15 अन्य अज्ञात लोगों ने यज्ञ कराया और गंगाजल का छिड़काव कर मैदान का ‘शुद्धिकरण’ किया।
कांग्रेस ने इस कथित कार्रवाई को अनुसूचित जाति के व्यक्ति और संविधान में निहित समानता के अधिकार का अपमान बताया है। पार्टी का कहना है कि इस तरह की गतिविधियों से समाज में भेदभाव की भावना को बढ़ावा देने का संदेश जाता है।
शिकायत में कांग्रेस ने भाजपा नेताओं की ओर से दिए गए कथित बयानों का भी उल्लेख करते हुए मामले में भाजपा के रुख पर सवाल उठाए हैं। पार्टी का कहना है कि यदि इस घटना को उचित ठहराया जाता है तो यह सामाजिक समानता और संविधान की मूल भावना के लिए गंभीर चिंता का विषय है।
पुलिस की कार्रवाई पर भी सवाल
कांग्रेस ने हल्द्वानी थाना प्रभारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल की भूमिका पर भी सवाल उठाए हैं। पार्टी का आरोप है कि एससी/एसटी एक्ट के तहत कार्रवाई की मांग वाली शिकायत के बावजूद तत्काल मुकदमा दर्ज नहीं किया गया।
जिला कांग्रेस कमेटी ने पुलिस से पूरे मामले में तत्काल एफआईआर दर्ज करने, आरोपियों की गिरफ्तारी करने और निष्पक्ष जांच के बाद कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत के दौरान तामेश्वर आर्य, अनिल कुमार, अनूप सिंह, राकेश मंद्रवाल, भरत रावत, कमला नेगी, मंजू देवी, शशि आवेद, देवेंद्र सिंह, यशोदा नेगी, जगमोहन रौथाण, यदुवीर सिंह, बबलू सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।