कैब में टक्कर मारने के मामले में आरोपी थार चालक गिरफ्तार, वारदात में प्रयोग की गई थार गाड़ी भी बरामद।
गुरुग्राम, गौरव गर्ग, 21 सितंबर । 18 सितंबर को एक व्यक्ति ने थाना खेड़की दौला, गुरुग्राम की पुलिस टीम को शिकायत के माध्यम से बतलाया कि यह टैक्सी चलाता है। 18 सितंबर को सती चौक के पास अचानक से एक थार गाड़ी चालक ने लापरवाही से गाड़ी चलाते हुए इसकी गाड़ी में टक्कर मार दी। इस शिकायत पर थाना खेड़की दौला, गुरुग्राम में संबंधित धाराओं के तहत अभियोग अंकित किया गया।
थाना खेड़की दौला, गुरुग्राम की पुलिस टीम ने कार्यवाही करते हुए उपरोक्त अभियोग में आरोपी थार गाड़ी के चालक को 20 सितंबर को गुरुग्राम से गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान मनजीत रावत (उम्र-25 वर्ष) निवासी भरथल, दिल्ली के रूप में हुई है।
पुलिस पूछताछ में ज्ञात हुआ कि आरोपी अपनी थार गाड़ी में अपने गांव के अपने अन्य साथियों के साथ सवार होकर सोहना जा रहा था। इसी दौरान इन्होंने शराब का सेवन किया। शराब पीने के बाद इसका इसके साथियों के साथ इसकी गाड़ी चलाने को लेकर कहासुनी और आपस में मारपीट हो गई। उसके बाद आरोपी के दोस्त कैब बुक करके जाने लगे तो आरोपी ने उस कैब में टक्कर मारकर उपरोक्त अभियोग की वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस टीम द्वारा वारदात में प्रयोग की गई थार गाड़ी बरामद कर ली गई है। पुलिस टीम द्वारा अभियोग में नियमानुसार आगामी कार्यवाही की जा रही है। अभियोग का अनुसंधान जारी है।