जन विश्वास शिविर में विधायक ने किया हितग्राहियों को हितलाभ का वितरण
मुख्यमंत्री जी की जनकल्याण की सराहनीय पहल है जन विश्वास शिविर : विधायक गुढ़ - श्री नागेंद्र सिंह
शिविर में प्राप्त आवेदनों का अधिकारी प्रतिबद्धता से निराकरण करें : सीईओ - श्रीमती सृष्टि देशमुख
________________________________________
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत नगर परिषद गोविंदगढ़ क्षेत्र में जन विश्वास शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का विधायक गुढ़ श्री नागेन्द्र सिंह तथा मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती सृष्टि देशमुख ने शुभारंभ किया। इस अवसर विधायक श्री सिंह ने कहा कि जिन कार्यों के लिए आमजनता को आफिसों के चक्कर लगाने पड़ते हैं वे सभी कार्य शिविर में हो रहे हैं। आमजनता के आवेदनों पर सुनवाई करके अधिकारी समुचित निराकरण कर रहे हैं। जन विश्वास शिविर में मुख्यमंत्री जी की जनकल्याण की सराहनीय पहल है। आमजनता शासन की विभिन्न योजनाओं की जानकारी लेकर शिविर के माध्यम से उनका लाभ उठाए। जनकल्याण से ही जन विश्वास शिविर सफल होगा। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत त्वरित निर्णय लेकर तत्परता से कार्य कर रही हैं। शिविर में आमजनता से प्राप्त कुल 122 आवेदन पत्रों में सुनवाई करके 64 का मौके पर निराकरण किया गया। शिविर में उपस्थितों को राष्ट्रीय एकता और अखण्डता की शपथ दिलाई गई।
शिविर में जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने कहा कि प्रत्येक शुक्रवार को जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्र में लगाए जा रहे जन विश्वास शिविर में आमजनता के आवेदनों में सुनवाई की जा रही है। सभी अधिकारी पूरी प्रतिबद्धता के साथ आवेदन पत्रों में कार्यवाही करें और समुचित निराकरण करें। सीएम हेल्पलाइन तथा जनसुनवाई में भी नगर परिषद गोविंदगढ़ के लंबित आवेदनों का शिविर के माध्यम से निराकरण किया जा रहा है। शिविर में अतिथियों का स्वागत करते हुए एसडीएम हुजूर जितेन्द्र तिवारी ने कहा कि जन विश्वास शिविर की आधारशिला जनकल्याण है। गुढ़ विधानसभा क्षेत्र में 7 अगस्त से अब तक सीएम हेल्पलाइन में दर्ज 2348 आवेदनों में से 1860 का निराकरण कर दिया गया है। इसी अवधि में लोक सेवा गारंटी योजना में दर्ज 4450 आवेदनों में से 4027 का निराकरण कर दिया गया है। शेष आवेदन तय समय सीमा में निराकृत किए जा रहे हैं। इस अवधि में गुढ़ विधानसभा क्षेत्र में राजस्व न्यायालयों में 3436 राजस्व प्रकरणों का निराकरण किया गया है। जन विश्वास शिविर आमजनता के लिए अत्यंत उपयोगी साबित हो रहे हैं।
उद्यम संवाद :- शिविर में उद्योग विभाग की ओर से आयोजित उद्यम संवाद में दो सफल उद्यमियों ने अपनी सफलता की कहानी सुनाई। शिवम त्रिपाठी ने बताया कि उन्होंने ग्राम भीठी गुढ़ में अपनी औद्योगिक इकाई स्थापित की है। इसके लिए एमएसएमई योजना से दो करोड़ रुपए तथा टर्म लोन के रूप में 1.5 करोड़ रुपए मिले हैं। इससे लिक्विड एरिया का उत्पादन किया जा रहा है, जिसका उपयोग वाहनों में प्रदूषण नियंत्रण के लिए होता है। यूनिट से 36 लाख लीटर प्रतिवर्ष का उत्पादन है। इस इकाई से 30 लोगों को रोजगार भी दिया जा रहा है। उद्यमी चिराग सेठिया ने बताया कि उनके द्वारा ग्राम बांसा में अन्नपूर्णा राइस मिल संचालित की जा रही है। इसके लिए एमएसएमई से दो करोड़ रुपए का ऋण तथा अनुदान प्राप्त हुआ है। इकाई से प्रतिदिन चार टन चावल का उत्पादन हो रहा है। इससे 15 लोगों को रोजगार के अवसर दिए गए हैं।
शिविर में विधायक गुढ़ तथा मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत ने संबल योजना से आठ हितग्राहियों को अनुग्रह सहायता राशि का वितरण किया। शिविर में मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना से अनुराग कुमार गुप्ता को जूता व्यवसाय के लिए 7.5 लाख रुपए की ऋण राशि एवं राजीव कोल को सेटरिंग व्यवसाय के लिए भगवान बिरसा मुण्डा स्वरोजगार योजना से 90 हजार रुपए की ऋण राशि प्रदान की गई। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टाल लगाकर योजनाओं की जानकारी दी गई। शिविर में राष्ट्रीय एकता की शपथ भी दिलाई गई। शिविर में श्री प्रदीप त्रिपाठी, श्री ज्ञानेन्द्र सिंह, श्री सौरभ श्रीवास्तव, पार्षदगण, जिला और खण्ड स्तर के अधिकारी तथा बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।
CM Madhya Pradesh Dr Mohan Yadav Jansampark Madhya Pradesh
#Rewa #रीवा