आरसेटी के सिलाई प्रशिक्षणार्थियों ने किया एफडीडीआई छिंदवाड़ा का शैक्षणिक भ्रमण
===========================================================
मध्यप्रदेश ग्रामीण आजीविका मिशन छिंदवाड़ा के मार्गदर्शन एवं ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) द्वारा संचालित सिलाई प्रशिक्षण कार्यक्रम के प्रशिक्षणार्थियों का शैक्षणिक भ्रमण गुरुवार को फुटवियर डिज़ाइन एंड डेवलपमेंट इंस्टीट्यूट (एफडीडीआई) छिंदवाड़ा में आयोजित किया गया। भ्रमण का उद्देश्य प्रशिक्षणार्थियों को परिधान, फैशन डिज़ाइन तथा उद्योग से जुड़ी आधुनिक तकनीकों और रोजगार के अवसरों से अवगत कराना था।
भ्रमण के दौरान प्रशिक्षणार्थियों ने संस्थान के विभिन्न विभागों, प्रयोगशालाओं, डिज़ाइन स्टूडियो और प्रशिक्षण सुविधाओं का अवलोकन किया। एफडीडीआई के अधिकारियों एवं संकाय सदस्यों ने उन्हें फैशन डिज़ाइन, फुटवियर डिज़ाइन, उत्पाद विकास तथा उद्योग की वर्तमान आवश्यकताओं के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की। संस्थान द्वारा फैशन, फुटवियर एवं रिटेल प्रबंधन के क्षेत्र में उपलब्ध कराए जा रहे प्रशिक्षण और शिक्षा कार्यक्रमों की भी जानकारी दी गई।
प्रशिक्षणार्थियों ने इस भ्रमण को अत्यंत उपयोगी बताते हुए कहा कि इससे उन्हें अपने कौशल को और बेहतर बनाने के साथ-साथ स्वरोजगार एवं रोजगार के नए अवसरों को समझने में सहायता मिली। उन्होंने संस्थान की आधुनिक सुविधाओं और व्यावहारिक प्रशिक्षण व्यवस्था की सराहना की।
आयोजकों के अनुसार ऐसे शैक्षणिक भ्रमणों का उद्देश्य प्रशिक्षणार्थियों को वास्तविक कार्य वातावरण से परिचित कराना तथा उन्हें आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित करना है। कार्यक्रम के अंत में प्रशिक्षणार्थियों ने एफडीडीआई प्रबंधन के प्रति आभार व्यक्त किया।