भारी वर्षा एवं जलजमाव को लेकर जिला प्रशासन अलर्ट, रफीगंज के प्रभावित गांवों का अधिकारियों ने किया स्थलीय निरीक्षण
जिला पदाधिकारी, औरंगाबाद अभिलाषा शर्मा (भा.प्र.से.) के निर्देशानुसार जिले में लगातार हो रही भारी वर्षा एवं जलजमाव की स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन द्वारा प्रभावित क्षेत्रों में लगातार निगरानी एवं आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
इसी क्रम में रफीगंज प्रखंड के पोथु थाना अंतर्गत बरपा, मिश्र बिगहा एवं अच्छा अंच्छा गांवों का अपर समाहर्ता श्री अनुग्रह नारायण सिंह, अपर समाहर्ता (आपदा) श्री उपेंद्र पंडित एवं अनुमंडल पदाधिकारी, औरंगाबाद श्री गौरव सिंह द्वारा संयुक्त रूप से स्थलीय निरीक्षण किया गया।
उक्त तीनों गांव पुनपुन एवं मंदार नदी के संगम क्षेत्र में स्थित हैं। लगातार हुई वर्षा के कारण यहां जलजमाव की स्थिति उत्पन्न हो गई थी। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने प्रभावित क्षेत्रों में जलजमाव की स्थिति, ग्रामीणों के आवागमन तथा उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया। साथ ही स्थानीय ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी प्राप्त की गई।
वर्तमान में तीनों गांवों में जलजमाव की स्थिति में कमी आई है। जिला प्रशासन द्वारा स्थिति पर लगातार नजर रखते हुए ग्रामीणों को आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं तथा आवश्यकता के अनुरूप त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों द्वारा जलजमाव से प्रभावित धान की फसल का भी स्थलीय निरीक्षण किया गया। खेतों में जलजमाव के कारण फसल की स्थिति का जायजा लेते हुए संबंधित पदाधिकारियों से आवश्यक जानकारी प्राप्त की गई। फसल क्षति से संबंधित स्थिति का आकलन नियमानुसार संबंधित विभाग द्वारा किया जा रहा है।
स्थलीय निरीक्षण के दौरान अपर समाहर्ता द्वारा संबंधित पदाधिकारियों एवं अभियंताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। जलजमाव के कारण जहां भी सड़क एवं अन्य आधारभूत संरचनाएं प्रभावित हुई हैं, वहां स्थिति का आकलन कर आवश्यक मरम्मति एवं सुरक्षात्मक कार्य प्राथमिकता के आधार पर कराने का निर्देश दिया गया, ताकि आमजनों का आवागमन सुचारु बना रहे।
जिला प्रशासन द्वारा जिले में नदियों के जलस्तर, जलजमाव वाले क्षेत्रों, महत्वपूर्ण सड़कों एवं अन्य संवेदनशील स्थानों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए आमजनों की सुरक्षा एवं आवश्यक सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।
जिला प्रशासन ने आमजनों से अपील की है कि भारी वर्षा एवं जलजमाव की स्थिति में अनावश्यक रूप से नदी, नाले अथवा तेज बहाव वाले क्षेत्रों में जाने से बचें तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।