मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के प्रस्तावित शिवपुरी प्रवास की तैयारियां तेज
कलेक्टर श्री वर्मा ने कोलारस एवं पिछोर पहुंचकर कार्यक्रम स्थलों का किया निरीक्षण, अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
शिवपुरी- मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के प्रस्तावित प्रवास को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्यमंत्री 13 नवंबर को पिछोर में आयोजित राज्य स्तरीय लाड़ली बहना राशि अंतरण कार्यक्रम में शामिल होंगे, जबकि केंद्रीय मंत्री श्री सिंधिया 12 से 14 नवंबर तक जिले के विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेंगे।
तैयारियों का जायजा लेने कलेक्टर अर्पित वर्मा ने कोलारस एवं पिछोर का दौरा किया। कोलारस में उन्होंने ग्राम केलधार स्थित कपिल मुनि आश्रम, गौमुख स्थल, ग्राम सिघारई में नवीन सड़कों के भूमिपूजन स्थल एवं भाडौता में नवनिर्मित पुल का निरीक्षण किया। यहां सड़कों के भूमिपूजन के साथ भाडौता पुल का लोकार्पण प्रस्तावित है।
पिछोर में कलेक्टर ने छत्रसाल स्टेडियम पहुंचकर मंच, बैठक व्यवस्था, पेयजल, विद्युत व्यवस्था एवं हेलीपेड स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को सुरक्षा, यातायात एवं जनसुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देने और सभी तैयारियां समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कोलारस विधायक महेंद्र यादव, पिछोर विधायक प्रीतम सिंह लोधी सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।